ललितपुर। जायसवाल, राय, शिवहरे, सर्ववर्गीय समाज सेवा समिति के तत्वावधान में शिक्षक रैन बसेरा में मंगलवार को सहस्त्रबाहु जयंती मनाई गई। इस दौरान वक्ताओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने की बात कही। कार्तिक सप्तमी के अवसर पर आयोजित जयंती समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार बड़ौनियां ने भगवान सहत्रबाहु के चित्र पर माल्यार्पण किया। जयंती के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि भगवान सहस्त्रबाहु के आदर्शों पर चलकर समाज का उत्थान किया जा सकता है। लोगों को जातिवाद, संप्रदाय में नहीं बंटना चाहिए बल्कि सभी के विकास की बात करनी चाहिए। देश व समाज के विकास के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण है, इसको ध्यान में रखकर महरौनी में बालक व बालिकाओं के लिए इंटर कालेज का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने सहस्त्रबाहु की जयंती के अवसर पर समाज के विकास की बात उठाई। राय, जायसवाल समाज के जिलाध्यक्ष दयाराम राय ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलानी चाहिए, ताकि समाज एवं शहर का विकास हो सके। कार्यक्रम में राष्ट्रीय जन चेतना मंच के संयोजक राजेंद्र रजक, डा. रतन पिपरई, ताम्रकार समाज के जिलाध्यक्ष प्रेमनारायण ताम्रकार, आरती राय ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन बृजेश जायसवाल ने किया।