ललितपुर। मुहल्ला खिरकापुरा में शनिवार रात चार लोगों ने दो राहगीरों के साथ मारपीट कर लूटपाट की। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी गई है।
मुहल्ला चौबयाना निवासी ईश्वरदास एवं मंगल कुशवाहा ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे वह सुरई घाट स्थित कांशीराम आवास कालोनी से पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में मुहल्ला खिरकापुरा में चार लोगों ने उन्हें रोक लिया तथा गाली गलौच करने लगे। गालियां देने से मना करने पर आरोपियों उनके साथ मारपीट शुरू कर दी तथा ईश्वरदास की जेब से चार हजार सात सौ रुपये निकाल लिए। मंगल कुशवाहा का कहना है कि उसने खिरकापुरा निवासी एक आरोपी को पहचान भी लिया है। कोतवाली पुलिस ने उसकी धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि खिरकापुरा क्षेत्र में सांझ ढलते ही शराबियों की सक्रियता बढ़ जाती है, जो भोलेभाले लोगों को रोककर बेवजह मारपीट करते हैं। इस क्षेत्र में कच्ची शराब की बिक्री भी बढ़ गई है, जिससे बाहरी अवांछनीय तत्वों का जमघट भी लगने लगा है। इस संबंध में समय समय पर पुलिस को शिकायती पत्र भी दिए गए हैं, लेकिन हर बार पुलिस छुटभैयों को पकड़कर दायित्वों की इतिश्री कर लेती है।