ललितपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित इमरजेंसी में चेतक टीम के दो सिपाहियों के साथ चार- पांच लोगों ने मारपीट कर दी, जिससे एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके साथी भागने में कामयाब रहे।
कोतवाली में पदस्थ सिपाही राजेंद्र कुमार पुत्र शारदा प्रसाद बृहस्पतिवार की रात अपने हमराह सुशील के साथ गश्त पर था, तभी वायरलेस पर सूचना मिली कि जनपद न्यायाधीश आवास के पास एक व्यक्ति बाइक दुर्घटना में घायलावस्था में पड़ा है। सूचना पर चेतक मोबाइल के सिपाही घटनास्थल पर पहुंचे और घायल आजादपुरा निवासी अन्ना को उपचार के लिए लेकर जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में पहुंचे। इतने में घायल अन्ना का भाई अरविंद निवासी आजादपुरा तुवन टीला के पास अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया और घायल भाई के साथ मारपीट करने लगा। सिपाही राजेंद्र कुमार ने रोकने का प्रयास किया तो उक्त लोगों ने राजेंद्र की लात घूसों से मारपीट शुरू कर दी। हमराह सुशील ने बीच- बचाव किया तो आरोपी उसे भी पीटने लगे। यह नजारा देख इमरजेंसी में मौजूद अन्य मरीजों में अफरा तफरी मच गई। अनेक मरीज उपचार कराए बगैर ही भाग खड़े हुए। किसी तरह सुशील ने कोतवाली फोन करके घटना की सूचना दी, जिस पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक खलीक़ अहमद सिद्दीकी ने उपनिरीक्षक तारिक खान को पुलिस बल के साथ जिला चिकित्सालय भेजा। तारिक खान ने आरोपी अरविंद को घेराबंदी कर दबोच लिया, जबकि उसके साथी भागने में कामयाब रहे।
पुलिस ने इस मामले में अरविंद व उसके तीन - चार अज्ञात साथियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 332, 353, 504, 504 व 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।