स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की छापेमारी
ललितपुर। मंगलवार को झोलाछाप के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश भारती ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ विकासखंड जखौरा कस्बा में संचालित एक क्लीनिक के संचालक झोलाछाप चिकित्सक कोमल रजक के खिलाफ मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। जिले में लगातार बढ़ रहीं झोलाछाप चिकित्सकों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए डीएम मानवेंद्र सिंह व सीएमओ डा. प्रताप सिंह ने कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जिस पर झोलाछाप के नोडल अधिकारी डा. राजेश भारती ने छापेमारी कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ विकासखंड जखौरा के कस्बा में भ्रमण कर क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने कस्बा के एक क्लीनिक के संचालक चिकित्सक से क्लीनिक का पंजीकरण व चिकित्सा संबंधी डिग्री दिखाने को कहा। जिस पर चिकित्सक संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसको संज्ञान में लेते हुए नोडल अधिकारी ने झोलाछाप चिकित्सक कोमल रजक पुत्र करंजू रजक के खिलाफ मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर सौंप दी है। इस कार्रवाई से झोलाछाप चिकित्सकों में हड़कंप मच गया है। नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में झोलाछाप चिकित्सकों को नहीं रहने दिया जाएगा। इसके लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेेगा। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. प्रदीप यादव , डा. प्रवीण यादव व वरिष्ठ सहायक नरोत्तम गुप्ता मौजूद रहे।