नोडल अधिकारी ने की विकास कार्यों की समीक्षा
ललितपुर।
जिले के नोडल अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों द्वारा संचालित हो रही योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर हो रही शिकायतों के निस्तारण की जानकारी की। इस पर डीएम ने बताया कि पिछले महीने शिकायतों के निस्तारण की स्थिति अच्छी रही है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सचिव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि चिकित्सालयों में दवाओं की उपलब्धता की जानकारी के लिए उपलब्ध दवाओं की सूची लगाई जाएं। इसके साथ ही सीएमओ ने बताया कि ऑपरेशन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में डॉक्टर व सर्जन जिला चिकित्सालय से ही भेजे जाते हैं। नोडल अधिकारी ने समाज कल्याण विभाग से चलाई जाने वाली विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सत्यापन के दौरान मृत हो चुके लाभार्थियों का सत्यापन सावधानी पूर्वक किया जाए। इससे मृतक लाभार्थियों के खाते में पेंशन जाने पर रोक लग सके। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में बताया कि वर्तमान में कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। ग्रामीण पेयजल योजना की धीमी प्रगति पर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में पंचायती राज और ग्राम्य विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि शौचालय निर्माण और प्रधानमंत्री आवास निर्माण योजना के अंतर्गत कराये जाने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बढ़ाये जाने तथा बिजली चोरी करने वालों के घरों में विद्युत मीटर लगाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा की दौरान बताया कि विद्यालयों में उच्च अधिकारियों एवं शिक्षकों के नंबरों की सूची भी उपलब्ध होनी चाहिए। सचिव ने ई-टेंडरिंग, अवैध खनन, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालयों के निर्माण की प्रगति, शौचालय बनाने का लक्ष्य, उसके लिए आवंटित धनराशि और धनराशि को सीधे लाभार्थी के खाते में सीधे भेजने जैसे बिंदुओं पर भी समीक्षा की। बैठक में पंकज यादव ने बताया कि समस्त विभागीय अधिकारी अपने विभागों से संबंधित संचालित योजनाओं तथा किये गये कार्यों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराएं, जिससे आम जनता को जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी शिकायतें विभाग से संबंधित आती हैं, उसे तुरंत निस्तारित किया जाए। इस पर डीएम ने बताया कि नोडल अधिकारी द्वारा दिए गए सुझावों का अक्षरश: पालन किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार लक्ष्कार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह, उप जिलाधिकारी देवेंद्र पा सिंह, पीडी बलिराम वर्मा, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप, बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीश कुमार, उपनिदेशक कृषि प्रसार संतोष कुमार सविता, उपायुक्त मनरेगा जय सिंह यादव, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।