पौधरोपण की रफ्तार सुस्त, अब तक लग पाए 15 हजार पौधे
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। मानसून सीजन लेट होने का असर पौधरोपण के अभियान पर साफ देखा जा रहा है। वन विभाग अभी तक करीब 15 हजार पौधों का ही रोपण करा पाया है। जबकि जिले में कुल 12 लाख पौधों को रोपित का लक्ष्य रखा गया है।
वन विभाग के पौधरोपण अभियान में जन भागीदारी नजर नहीं आ रही है। इसके पीछे कारण जागरूकता की कमी देखी जा रही है। विभागीय अधिकारी अब तक लोगों को पौधरोपण के फायदे एवं सिमटते जंगल के नुकसान को ठीक तरीके से समझा नहीं पाए हैं। वहीं, मानूसन की लेटलतीफी ने अभियान का बट्टा बैठा दिया है। जिले में 12 लाख 45 हजार 226 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें अकेले वन विभाग को जंगलों में 4 लाख 2 हजार 684 पौधे रोपित करने हैं। इनमें से अभी तक 15 हजार पौधों का ही रोपण हो पाया है। अब विभागीय अफसर पौधरोपण की प्रगति को बढ़ाने के लिए बीज बुआन करा रहे हैं, जिससे उन्हें पौधरोपण अभियान में शामिल किया जा सके।
नगर विकास को लगाने हैं 6360 पौधे
नगर पालिका परिषद सहित नगर पंचायतों को भी पौधरोपण का लक्ष्य प्रदान किया गया है। जिसमें नगर पंचायतें 3 हजार एवं नगर पालिका 6360 पौधे लगाने की तैयारी में जुटी है।
पौधरोपण की रफ्तार धीमी
जिले में मानसून की शुरुआत में पर्याप्त बारिश नहीं हुई। इससे पौधरोपण की रफ्तार गति नहीं पकड़ पाई।
आरएस यादव, एसडीओ वन