सेक्रेटरी, वीडीओ का अब अनिश्चितकालीन धरना
राज्य संयुक्त परिषद का मिला पूर्ण समर्थन
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। ग्राम पंचायत अधिकारी-ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के प्रांतीय आह्वान पर शनिवार को जनपद के सभी ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारियों ने विकास भवन के गेट पर तीन सूत्रीय मांगों के लिए धरना-प्रदर्शन करते हुए अब अनिश्चित कालीन धरना पर बैठ गए हैं। धरने में उत्तर प्रदेश संयुक्त राज्य कर्मचारी परिषद के वक्ताओं ने तीन सूत्रीय मांगे (शैक्षिक योग्यता, मूल वेतन और एसीपी) को जायज बताते हुए पूर्ण समर्थन दिया। उक्त तीन सूत्रीय मांगों में ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी की शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट के स्थान पर स्नातक किया जाए व अधिमानी शैक्षिक योग्यता सीसीसी प्रमाण पत्र के स्थान पर ओ-लेवल किया जाए। ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारी का वेतनमान 5200-20200 ग्रेड वेतन 2800 रुपये अर्थात सातवें वेतन आयोग की मैट्रिक्स के सापेक्ष लेवल 5 पर प्रारंभ मूल वेतन 29,200 रुपये किया जाए। सीधी भर्ती के सापेक्ष प्रोन्नति पद कम से कम 30 प्रतिशत सृजित कर समय से 10 वर्ष पर प्रथम प्रोन्नति, 16 वर्ष पर द्वितीय प्रोन्नति एवं 26 वर्ष पर तृतीय प्रोन्नति पद का वेतन एसीपी की अनुमन्यता में प्रदान किया जाए। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के उपाध्यक्ष शमीम खान, महामंत्री लक्ष्मी प्रसाद यादव, पूर्व अध्यक्ष संतोष निरंजन, स्वास्थ्य विभाग से सीताराम निरंजन, हरीश तिवारी, शिवनारायण, सिंचाई विभाग चतुर्थ श्रेणी संघ के अध्यक्ष आनंद स्वरूप ने सभा को संबोधित करते हुए समन्वय समिति की मांगों का समर्थन किया। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, अध्यक्ष हरिओमशरण निरंजन, दानवीर सिंह, धनसिंह, पवन रिछारिया, मनोज सोनी, ओमप्रकाश तिवारी, अमित प्रथम, अमित द्वितीय, खेमचंद, हरिमोहन, अमित सिंघई, अशोक कुमार, रग्घूलाल, धर्मदास सुमन, श्रीकृष्ण सहरिया, रामदास सुमन, नीरज, हरीमोहन उपस्थित रहे। महामंत्री श्रीकृष्ण सहरिया, गंगाराम शर्मा, राजीव कुमार वर्मा, रामेश्वरी शुक्ला, घनाराम वर्मा, अखिलेश राजपूत, अजय प्रताप सिंह, अलका कुशवाहा, विशाखा मिश्रा, शमीम अहमद, अमित सिंघई, अमित जैन, दानवीर सिंह, अजय प्रताप सिंह, रोहित निरंजन, अमित जैन उपस्थित रहे।