- 333 प्रत्याशी मैदान में हैं, 925 मतदाता हैं पंजीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय चुनाव (27 एवं 28 जनवरी) के तहत जनपद में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गई है। उत्तर प्रदेश के अधिवक्ताओं की इस सर्वोच्च संस्था के चुनाव को लेकर जिले के विधिक गलियारों में पिछले दो दिनों से भारी गहमागहमी का माहौल बना रहा।
इस महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया की गरिमा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए थे। पूरा चुनाव अपर जनपद न्यायाधीश (प्रथम) की सीधी निगरानी में आयोजित हुआ। मतदान को व्यवस्थित और सफल बनाने में न्यायिक कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई, जिनके समन्वय से पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रही। मैदान में उतरे कुल 333 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने के लिए जिले के अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला मुख्यालय और तहसील स्तर पर बनाए गए केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। बताते चलें कि जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 925 है, जिसमें 815 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन, न्यायिक अधिकारियों और बार संघ की सक्रियता के चलते दोनों दिन की प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के पूरी हुई। अब सभी की निगाहें मतगणना और आने वाले परिणामों पर टिकी हैं।