परत दर परत उजागर हो रही उड़द खरीद की धांधली
ललितपुर। उड़द खरीद धांधली की जांच में परत दर परत रहस्य उजागर हो रहे हैं। इसमें अब दो और लोगों के नाम जुड़ गए हैं, जिन्होंने उड़द खरीद में धांधली की है। इससे पहले एक भाजपा नेता व एक व्यापारी पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। किसानों को सरकारी समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के लिए खोले गए क्रय केंद्रों पर उड़द की खरीद की जा रही है लेकिन अभिलेखों में हेराफेरी कर व्यापारियों ने अपना उड़द बेच दिया है। इसकी जब शिकायतें आला अफसरों से की गई तो उन पर जांच बैठा दी गई। जांचे लंबी खिंचते देख व्यापारी बेपरवाह होकर केंद्रों पर अपना माल खपाते रहे। अब जब जांच नतीजे पर पहुंची तो खरीद की धांधली उजागर हो गई। इसमें भाजपा नेता हरिओम निरंजन व आलोक कुमार जैन पर मुकदमा दर्ज हो चुका है। अब सतरवांस निवासी प्रकाश नारायण व रामेश्वर पर धोखाधड़ी का केस लिखा गया है। पीसीएफ के जिला प्रबंधक दिव्यांशु वर्मा ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दी तहरीर में बताया है कि तहसीलदार ललितपुर ने अपनी जांच आख्या दी है, इसमें ट्रैक्टर चालक राजा भइया एवं रामेश्वर एवं अन्य ग्रामवासी के बयान दर्ज किए हैं। लखन निवासी सतरवांस, धर्मेंद्र पटेल, चंद्रप्रताप, दीपक, वीरेंद्र ने बयान दिया कि राजा भइया, रामेश्वर को जानता हूं, उड़द भरकर घर से ले गए थे। लेवी पर विक्रय करने के लिए ले गए थे एवं मिर्चवारा डीलर के यहां भी ले जाते हैं। संपूर्ण जांच व बयानों एवं सीडी से यह प्रमाणित होता है कि उक्त ट्रैक्टर में लदा उड़द मिर्चवारा ट्रेडर्स का है एवं रामेश्वर पुत्र हरगोविंद मिर्चवारा ट्रेडर्स में मिलीभगत करके अपने दस्तावेजों के आधार पर क्रय केंद्रों से अनुचित लाभ प्राप्त करने के लिए धोखाधड़ी करते हुए विक्रय करने के लिए जा रहे थे। मिर्चवारा ट्रेडर्स के मालिक प्रकाश नारायण पुत्र दशरथ प्रसाद व रामेश्वर पुत्र हरगोविंद निवासी सतरवांस के विरूद्घ धोखाधड़ी करके उड़द विक्रय कर अनुचित लाभ प्राप्त करने के संबंध में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जाए। इस आधार पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
प्रभारी मंत्री का दौरा तय होने से खलबली
जिले के प्रभारी मंत्री का दौरा लग गया है। इसको लेकर प्रशासन में भी खलबली देखी जा रही है। प्रशासन उड़द खरीद में हुई धांधली की जांच के मामले में प्रभारी मंत्री के आने से पहले निपटाने की तैयारी है, जिससे कि प्रभारी मंत्री को किसी प्रकार की असहजता महसूस नहीं करना पड़े। इस बीच यूरिया के उठान में धांधली के मामले को कांग्रेस ने गरमा दिया है।