दो बंद, तो कई स्कूल मिले अमान्य
ललितपुर। खंड शिक्षा अधिकारी बिरधा ने अपने ब्लाक में संचालित निजी विद्यालयों की मान्यता का सत्यापन किया। इस दौरान पाया कि दो विद्यालय बंद मिले तो कई स्कूल अमान्य मिले। जिले में अमान्य स्कूलों की गतिविधियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बीते महीनों में ऐसे स्कूलों को बंद करने के लिए अभियान चलाया गया। तत्कालीन बीएसए मायाराम ने ऐसे स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने व जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। लेकिन उनके निलंबित होते ही पूरा मामला ठंडे बस्ते में चलाया गया। आज तक उनके आदेश का अनुपालन नहीं हो सका। अब खंड शिक्षा अधिकारी बिरधा ब्रजेश सिंह ने इस ओर ध्यान देते हुए अपने ब्लाक के निजी स्कूलों की मान्यता का सत्यापन किया तो पाया कि ब्लॉक में एक दर्जन से ज्यादा स्कूल अमान्य पाए गए। वहीं, दो स्कूल ताले लटकते मिले। उन्होंने कार्रवाई के लिए अपनी आख्या बीएसए को सौप दी है। बता दें कि अन्य ब्लाकों में भी कई अमान्य स्कूल संचालित हो रहे हैं। जिन्हें विभाग ने खुला छोड़ दिया है। इससे सैकड़ों बच्चों का भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है।
खितवांस में चल रहे ज्यादा अमान्य स्कूल
ब्लाक बिरधा के ग्राम खितवांस में सबसे ज्यादा अमान्य स्कूल संचालित हो रहे हैं। इसके बाद जाखलौन, पाली, धौर्रा, डोगराकलां का नंबर आता है।