युवाओं के समग्र विकास को यूपी युवा नीति क्रियान्वयन की मांग
35 जिलों के युवाओं ने सौंपा था सरकार को युवा नीति का ड्राफ्ट
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। बुंदेलखंड डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा आजादपुरा स्थित विवेकानंद हाल में उत्तर प्रदेश युवा नीति 2016 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए युवा नीति क्रियान्वयन अभियान के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। बुंदेलखंड डेवपलपमेंट फाउंडेशन के समन्वयक सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि 2003 में राष्ट्रीय युवा नीति बनाई गयी थी, जिसके बाद हिमाचल प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश व कर्नाटक में युवा नीति लागू है। लेकिन उत्तर प्रदेश में 2016 में राज्यपाल की स्वीकृति और संबंधित विभागों को इसके क्रियान्वयन की सूचना जारी करने के बाद भी विभागों द्वारा युवा नीति के क्रियान्वयन के संबंध में न ही समन्वय समिति का गठन किया गया और न ही बजट की मांग की गई और न ही बजट का आवंटन किया गया। युवा नीति पैरोकारी अभियान के साथी सूचना प्रौद्योगिकीविद विनोद त्रिपाठी ने बताया कि युवा नीति के लागू होने होने के लिए 2007 से प्रदेश स्तर पर सहयोग और बुंदेलखंड डेवलपमेंट फाउंडेशन तथा विभिन्न संस्थाओं द्वारा प्रदेश के 35 जिलों में 2000 युवाओं के सुझाव व समर्थन से उत्तर प्रदेश युवा नीति का ड्राफ्ट सरकार को सौंपा गया था। युवा नीति पैरोकारी नेटवर्क सहयोग एवं फाउंडेशन सहित साथी संस्थाओं के प्रयास से 2016 में प्रदेश सरकार द्वारा युवा नीति लागू हुई। लेकिन इसके क्रियान्वित न होने से युवाओं को युवा नीति के वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। मौसमा बानो, पूजा कुशवाहा, संजीव कुशवाहा, दीपचन्द सहित युवा नीति अभियान से जुड़े अनेकों युवाओं ने बैठक में चर्चा कर की और सरकार से युवा नीति को कार्यान्वित करने के लिए जल्द से जल्द समन्वय समिति का गठन किया जाने, युवा नीति के आधार पर युवा कल्याण हेतु पर्याप्त बजट का प्रावधान किए जाने, इसके लिए विभागों की भी जबाबदेही सुनिश्चित किए जाने, युवा नीति को ठोस प्रारुप देने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन में विभिन्न स्तरों पर युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए युवा प्रतिनिधियों की एक कमेटी का गठन किया जाने और युवाओं के मुद्दों पर कार्य कर रहीं स्वैच्छिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इसमें सम्मिलित करने एवं उत्तर प्रदेश में युवाओं के विकास की निगरानी एवं सुनवाई को युवा आयोग की स्थापना कराए जाने की मांग की है। बैठक में तय किया गया कि युवाओं द्वारा 12 अगस्त अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस से 12 जनवरी युवा दिवस तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सरकार से वित्तीय वर्ष 2019-20 में युवाओं के विकास के लिए
विभागों द्वारा कार्ययोजना बनाकर बजट आवंटित की मांग की जायेगी। इसके लिए कार्य कर रहे विभिन्न विभागों व संस्थाओं से कार्ययोजना बनाने के लिए प्रेरित किया जायेगा। इस मौके पर हेमंत, मनीषा राठौर, दीक्षा, आरती रिछारिया, कपिल, ऋषि, अक्षय, आकाश, अमन आदि शामिल रहे।