लक्ष्य के करीब पहुंचते नहीं दिख रही गेहूं खरीद
गेहूं खरीद को 13 दिन शेष, लक्ष्य से 58 हजार मीट्रिक टन खरीद बाकी
313 लाख का भुगतान नहीं होने पर 16 गेंहूं क्रय केंद्र अब भी बंद
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
इस वर्ष गेहूं खरीद लक्ष्य के करीब पहुंचते नहीं दिख रही है। इसका कारण गेहूं खरीद को अब मात्र 13 दिन शेष रह गए हैं, जबकि क्रय केंद्रों पर अब तक एक लाख 40 हजार मीट्रिक टन के सापेक्ष अब तक मात्र 81 हजार मीट्रिक टन खरीद ही हो सकी है। वहीं भुगतान नहीं होने के कारण दो सप्ताह से अब भी 16 क्रय केंद्रों पर खरीद पर रोक नहीं हट सकी है, जबकि डीएम की कार्रवाई में भी अब तक करीब 13 क्रय केंद्रों को बंद कराया गयरा है, जिससे जिले में गेहूं की सरकारी खरीद प्रभावित चल रही है।
एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद के लिए जनपद में इस बार एक लाख 40 हजार मीट्रिक टन का खरीद लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके लिए जनपद में अलग-अलग समय में कुल 102 गेहूं क्रय केंद्र खोले गए थे। इसमें 72 क्रय केंद्र पीसीएफ, तीन राज्य कर्मचारी कल्याण निगम, विपणन शाखा के तीन, मल्टी स्टेट सहकारी समिति के तीन और पंजीकृत सहकारी समितियों के 16 व भारतीय खाद्य निगम के दो गेहूं क्रय केंद्रों के माध्यम से गेेहूं खरीद कराई जाना शुुरू हुई। लेकिन बहुत से क्रय केंद्रों पर शुरुआत से ही अनियमितताएं और धांधली के मामले सामने आने लगे थे। इसके बाद डीएम, जिला खाद्य विपणन अधिकारी व आरएफसी द्वारा लगातार निरीक्षण करने में पाई गईं अनियमितताएं व अवैध रूप से वसूली के मामले मिलने पर करीब 13 क्रय केंद्र बंद करा दिए गए, जबकि गत दो सप्ताह पूर्व पंजीकृत सहकारी समितियों के 16 क्रय केंद्र गेहूं खरीद के एवज में किसानों के करीब 313.05 लाख रुपये का भुगतान नहीं कर सके। इसके चलते आरएफसी ने उक्त सभी 16 पंजीकृत सहकारी समितियों के इन सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद पर रोक लगा दी और उक्त क्रय केंद्र प्रभारियों को भुगतान के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया था, इसके बावजूद अब तक उक्त क्रय केंद्रों पर खरीद का 313 लाख रुपए का भुगतान अब भी अटका हुआ है। यही कारण है कि अब तक उक्त क्रय केंद्रों पर दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी अब तक गेहूं खरीद शुरू नहीं हो सकी है। वर्तमान में मात्र 87 गेहूं केंद्रों पर ही खरीद चल रही है और अब तक कुल 81,322.10 गेहूं खरीद ही हो सकी है। जबकि गत वर्ष जनपद में गेहूं खरीद के लिए एक लाख 30 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया था और एक जून 2017 तक सभी क्रय केंद्रों पर कुल 87,200.01 मीट्रिक टन खरीद हुई थी। उक्त लक्ष्य के सापेक्ष इस वर्ष वर्तमान में गेहूं खरीद मात्र 58.09 प्रतिशत ही हो सकी है, जो दो माह में की गई है। लेकिन अब जब मात्र 13 दिन गेहूं खरीद के लिए शेष बचे हैं और किसान भी क्रय केंद्रों पर पहले से काफी कम संख्या में ही पहुंच रहे हैं, ऐसे में गेहूं खरीद लक्ष्य के आसपास भी पहुंचना मुश्किल प्रतीत हो रहा है। लेकिन देखना होगा कि मात्र 13 दिनों में 40 प्रतिशत से अधिक गेहूं खरीद किस प्रकार और कैसे हो सकेगी, जो क्रय केंद्र प्रभारियों के लिए एक चुनौती साबित होगी।