कचनौंदा बांध को 45 करोड़ तो ओला गिरने से राहत में मिले 50 करोड़ रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उमा भारती मंत्री पेयजल एवं स्वच्छता, भारत सरकार/सांसद झांसी-ललितपुर एवं झांसी-ललितपुर के विधायकों के साथ बैठक की। इसमें बुंदेलखंड की कई समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने कचनौदा बांध परियोजना के लिए तत्काल प्रभाव से 45 करोड़ रुपये एवं ओलावृष्टि राहत कार्य के लिए 50 करोड़ रुपये अवमुक्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया है कि पीने के पानी की समस्या के निदान के लिए ‘‘अमृत पेयजल योजना’’ में कार्य कराए जाएंगे। किसानों की उपज जिसमें फलों, सब्जियों एवं मसालों को उचित मूल्य दिलाने के लिए मेगा फूड पार्क की स्थापना की जाएगी। रानी लक्ष्मीबाई की शहादत को दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर स्थान दिलाने के लिए टूरिस्ट सर्किट एवं रानी पथ, बुंदेलखंड वासियों को सुगम हवाई सेवा प्रदान करने के लिए एयरपोर्ट, कचनौदा बांध, लक्ष्मीताल, विशाल गौशाला आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। अमृत पेयजल योजना पर कार्य जल्दी ही प्रारंभ होगा। झांसी-ललितपुर क्षेत्र में मेगा फूड पार्क एवं सारे पर्यटन स्थल को गुणवत्तापरक सड़कों से जोड़ा जाएगा। झांसी और लखनऊ के बीच हवाई सेवा चंद महीने के अंदर शुरू की जाएगी। झांसी में एक नये एयरपोर्ट बनाने का कार्य भी शुरू किया जाएगा। बुंदेलखंड में एक्सप्रेस वे एवं उसके दोनों तरफ डिफेन्स कारीडोर बनाया जाएगा। मऊरानीपुर हथकरघा उद्योग को पुनर्जीवित किया जायेगा। इस क्षेत्र के कचनौदा बांध परियोजना के लिए तत्काल प्रभाव से 45 करोड़ रूपये की धनराशि दी गई है। इसके अतिरिक्त ओला गिरने से परेशान किसानों के राहत कार्य के लिए 50 करोड़ रुपये अवमुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दोनों जिलाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से राहत धनराशि बांटने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा भी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में मा. मंत्री जी ने यह उम्मीद व्यक्त की है कि हमें आशा है कि आज लिये गये इन कदमों से बुंदेलखंड क्षेत्र विशेषकर झांसी-ललितपुर के विकास को एक नयी दिशा मिलेगी।