फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रशासन को गरीबों की आई याद, फिर खोली टमाटर, प्याज की दुकानें

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रशासन को गरीबों की आई याद, फिर खोली टमाटर, प्याज की दुकानें
विज्ञापन

ललितपुर। प्रदेश शासन के निर्देश पर खोली गई प्याज, टमाटर की दुकान बंद होने के बाद प्रशासन को फिर से गरीबों की याद आ गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर में हर आदमी की पहुंच वाले स्थानों पर प्याज, टमाटर की चार नई दुकानें खोली गई हैं, इनमें बाजार मूल्य से कम दरों पर लोगों को प्याज और टमाटर मुहैया कराया गया है। बाजार में वर्तमान में प्याज पचास रुपए और टमाटर साठ रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रही है।
प्याज व टमाटर के दामों में हो रही बढ़ोत्तरी को लेकर राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के मंडी निदेशक के आदेश पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह द्वारा उपजिलाधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी एवं मंडी सचिव के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, इसमें प्याज टमाटर के दामों को नियंत्रित करने और आम लोगों तक उचित व सस्ते रेट में उपलब्ध कराने को लेकर विचार मंथन किया गया। साथ ही विभागीय अधिकारियों और आढ़तियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक करके प्रदेश के विभिन्न मंडी, उपमंडी स्थलों, शहर व कस्बे में प्याज और टमाटर के फुटकर बिक्री केंद्र (रिटेल आउटलेट) खोले जाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत शहर में नवंबर माह में पूर्व में खोली गई पांच सरकारी सस्ती दरों की टमाटर, प्याज की दुकानें लोगों को जानकारी के अभाव और कम आवाजाही वाले स्थानों पर खोलने के कारण बंद करनी पड़ी थी। लेकिन, जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने दुकानों के बंद होने का संज्ञान लिया और गरीबों के हित में एक बार फिर से शहर में सरकारी सस्ती दर की दुकानें खोलने का निर्णय लिया गया है। इस आधार पर मंडी प्रशासन के नेतृत्व में एक दुकान तुवन मंदिर चौराहा पर पीएनबी बैंक के सामने खोली गई है। इसमें मंडी समिति के दो कर्मचारी बिक्री का लेखा जोखा रखेंगे। तीन दुकानेें जिला पूर्ति अधिकारी के अंतर्गत गांधी नगर में बिहारीलाल और नरेश तिवारी एवं राजेश निरंजन की कोटे की दुकानों पर पहले दिन तीन दुकानें लगाई गई हैं। जिला पूर्ति अधिकारी रामजतन यादव ने बताया कि मंडी समिति की ओर से खोली गईं दुकान तुवन मंदिर पर फिलहाल स्थाई तौर पर ही खुली रहेगी, जबकि जिला पूर्ति के अंतर्गत कोटे की तीन दुकानों पर हर दिन बदल-बदल कर खोली जाएंगी। खोली गई रिटेल आउटलेट पर बुधवार को पहले दिन टमाटर व प्याज चालीस रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेची गई। हालांकि इस बार उक्त दुकानों पर आधा किलो व किलोग्राम टमाटर, प्याज भी लोगों को उपलब्ध कराया गया। इससे निश्चित तौर पर गरीबों को जरूर लाभ मिल सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


मंडी सचिव की टीम ने जांचा स्टॉक रजिस्टर
राज्य उत्पादन मंडी परिषद के निर्देश पर मंडी सचिव, जिला पूर्ति अधिकारी की टीमों द्वारा बुधवार को नझाई बाजार में आढ़तियों व व्यापारियों के स्टॉक जांचने के लिए स्टॉक रजिस्टर आदि का औचक निरीक्षण भी किया, ताकि प्याज, टमाटर की मुनाफाखोरी के लिए अनावश्यक रूप से भंडारण न किया जा सके और लोगों को उक्त न्यूनतम संभव बाजार मूूल्य पर उपलब्ध कराई जा सके। सुबह-सुबह जिला पूर्ति अधिकारी, मंडी सचिव आदि के द्वारा नझाई बाजार में स्टॉक रजिस्टर जांचने की कार्रवाई से आढ़तियों में हलचल मच गई। जिले में जन सामान्य को उचित मूल्य पर प्याज व टमाटर की उपलब्धता सुनिश्चत कराने के लिए विभागीय स्तर पर फुटकर व्यापारियों से भी संवाद स्थापित किया और व्यापारियों को प्याज, टमाटर व अन्य प्रकार की सब्जियों के स्टॉक का रजिस्टर रखने के निर्देश भी दिए। मंडी सचिव के नेतृत्व में हर दिन सब्जी आढ़तियों की दुकानों का स्टॉक की भी जांच होगी। साथ ही अवैैध भंडारण पाए जाने पर कार्रवाई भी की जाएगी। जांच में एक थोक व्यापारी एवं आढ़ती व्यापारी मो.नजीर निसार की दुकान पर 36 कट्टी प्याज मौके पर पाई गई। इसकी प्रविष्टि स्टॉक रजिस्टर या अन्य अभिलेखों में नहीं पाई गईं और न ही स्टाक रजिस्टर उपलब्ध कराया गया, इस पर मंडी सचिव पुष्पेंद्र कुमार ने इसे प्याज की दरों को नियंत्रित करने में बाधा उत्पन्न करने का मामला पाया है। उन्होंने उक्त आढ़ती से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। यदि जवाब नहीं दिया गया तो उक्त आढ़ती का लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी भी दी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें