शौचालय निर्माण में पात्रों की हो रही उपेक्षा
ललितपुर। ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम मिनौरा निवासी ग्रामीणों ने शौचालय निर्माण में पात्रों की उपेक्षा करते हुए अपात्रों को शौचालय बनवाए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने डीएम से उक्त मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
डीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाते हुए बताया गया है कि ग्राम पंचायत मिनौरा में जो शौचालय बनाए जा रहे हैं, उनकी सूची में कई अपात्र व्यक्तियों को शामिल किया गया है। उनके पास अधिक भूमि और वह वृृहद स्तर के किसान हैं व ट्रैक्टर एवं चार पहिया वाले साधन संपन्न व्यक्ति हैं और जिनके पूर्व से शौचालय निर्मित हैं, उनके अवैध व गैर कानूनी तरीके से अवैध रुप से शौचालय बनवाए जा रहे हैं। जिससे पात्र गरीब ग्रामीण उक्त योजना से वंचित रह जा रहे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उक्त शौचालय निर्माण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। शिकायती पत्र पर रश्मि, श्रीराम, कमला सिंह, चतरे आदि के हस्ताक्षर हैं।
बैठक कल
ललितपुर। किसान मित्र ऐसोसिएशन की एक बैठक सोमवार को सुबह दस बजे से कंपनी बाग में आयोजित होगी। इसमें वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा 52 हजार किसान मित्रों को बहाल करने की घोषणा के विषय पर चर्चा की जाएगी। जिलाध्यक्ष बलराम सिंह लोधी ने बताया कि उक्त बैठक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सतेंद्र कुमार मौर्या की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग
ललितपुर। थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम कुआगांव निवासी एक व्यक्ति ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में उसके परिजनों पर हरिजन एक्ट में लिखाए गए झूठे मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्राम कुआगांव निवासी नीलेंद्र लोधी पुत्र जयहिंद ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम प्रतिनिधि और उनके परिजन उससे रंजिश मानते हैं और नाजायज राशन की मांग करते हैं। न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते रहते हैं। उसकी राशन की दुकान भी निलंबित करा दी गई थी, लेकिन बाद में एसडीएम की जांच के बाद जिलाधिकारी द्वारा उक्त राशन की दुकान बहाल करा दी गई थी। इसी वजह से वह लोग उससे रंजिश रखते हैं और आएदिन धमकी देते रहते हैं। उक्त लोगों द्वारा मोटरसाइकिल की दुर्घटना दर्शाकर उस पर और उसके परिजनों के खिलाफ गालीगलौज कर मारपीट, जान से मारने की धमकी व हरिजन एक्ट का झूठा मुकदमा करा दिया गया है, जो निराधार है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से उक्त मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराकर जानमाल की सुरक्षा की मांग की है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग
ललितपुर। तहसील बार एसोसिएशन महरौनी के तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने एसपी को एक ज्ञापन देकर बार संघ के सदस्य के छोटे भाई के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। बताया गया है कि बार संघ के सदस्य लोकपाल सिंह बुंदेला के छोटे भाई कुरोरा निवासी राजा भैया उर्फ रजऊ राजा की हत्या का केस दर्ज होनने के बाद भी आधा दर्जन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उक्त हत्यारोपी अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं, जिससे उन्हें व उनके परिवारजन को जान का खतरा है। पुलिस उक्त हत्यारोपियों का बचाव कर रही है। अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
ग्राम समृद्धि व स्वच्छता पखवाड़ा को बनेगा बोर्ड
ललितपुर। मनरेगा अंतर्गत दो अक्टूबर से लेबर बजट 2018-19 की तैयारी किए जाने और एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित करने के लिए शनिवार को सीडीओ बलिराम वर्मा की अध्यक्षता में खंड विकास अधिकारियों, ग्राम विकास अधिकारियों, तकनीकी सहायकों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सभा की खुली बैठकें रोस्टर के अनुसार आयोजित करने की बात कही गई। बैठकों में लेबर बजट की तैयारी एवं ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखबाड़ा आयोजित किए जाने को बोर्ड बनाया जाएगा। मनरेगा में अनुमन्य समस्त कार्यों को मनरेगा कार्य योजना में लिया जाएगा। आयुक्त ग्राम्य विकास के निर्देश के क्रम में लेबर बजट तैयार किया जाएगा। ग्राम सभा की खुली बैठक चयनित समस्त कार्यों को ग्राम पंचायत द्वारा लेबर बजट तैयार किया जाएगा। बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना और लोहिया ग्रामीण आवास योजना की विस्तृत चर्चा करते हुए आवासों को अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।