साबरमती एक्सप्रेस का इंजन फेल
ललितपुर। बीना से झांसी की ओर जा रही साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन रविवार की शाम को अचानक फेल हो गया, जिसके चलते यह ट्रेन ललितपुर स्टेशन पर करीब तीन घंटे देरी से आ सकी। रविवार की शाम करीब 4.52 बजे साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन धौर्रा रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां उसे लूप लाइन में रख दिया गया। चूंकि साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन में धौर्रा स्टेशन पहुंचने से पूर्व ही इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते ट्रेन को धौर्रा में सुधारने का प्रयास किया गया। लेकिन इंजन की खामी दूर नहीं हो पाने पर जाखलौन स्टेशन से दूसरी ट्रेन का इंजन धौर्रा भेजा गया और साबरमती एक्सप्रेस में जोड़कर ट्रेन को देर शाम करीब 6.52 बजे आगे बढ़ाया जा सका। जिसके चलते यह ट्रेन ललितपुर स्टेशन करीब सवा सात बजे पहुंच सकी। ट्रेन लेट होने के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।