ललितपुर। नगर पालिका परिषद के मोहल्ला तालाबपुरा द्वितीय के 700 परिवारों की करीब चार हजार की आबादी को जल्द ही 24 घंटे पानी मिलेगा। इसके लिए 10 करोड़ की लागत से पाइपलाइन डाली जाएगी और दो ओवरहेड टैंक और एक सीडब्ल्यूआर का निर्माण किया जाएगा।
इसके लिए, कार्यदायी संस्था जल निगम ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। एक वर्ष में कार्य पूर्ण होने के बाद भी आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इसमें उपभोक्ताओं को मीटर के आधार पर बिल की राशि अदा करना होगी। मोहल्ला तालाबपुरा द्वितीय में जल्द ही पेयजल सुविधा बेहतर हो जाएगी। यहां के बाशिंदों को 24 घंटे पानी की आपूर्ति होगी।
इसके लिए 10 करोड़ के पायलेट प्रोजेक्ट के अंतर्गत जल निगम की ओर से निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसमें नझाई बाजार स्थित जलकल अभियंता परिसर (वाटर बॉक्स) में 600 केएलडी के दो टंकी (ओवरहैड टैंक) और 200 केएलडी का स्वच्छ जलाशय (सीडब्ल्यूआर) का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही जलकल अभियंता परिसर से मोहल्ला के लिए अलग से पाइप लाइन डाली जाएगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कार्य शुरू होने के बाद करीब आठ माह में पूरा कर लिया जाएगा।
पानी की बर्बादी रोकने के लिए लगेंगे मीटर
जल संस्थान ने बताया कि 24 घंटे की पाइप लाइन में पानी सप्लाई के दौरान किसी स्थान पर लीकेज होकर पानी की बर्बादी तो नहीं हो रही है। इसकी रोकथाम के लिए स्वच्छ जलाशय पर मीटर लगाया जाएगा। इसके साथ ही एक उपभोक्ता के घर पर मीटर लगाया जाएगा। इन मीटरों को सिस्टम से जोड़ा जाएगा। प्रतिदिन सीडब्ल्यूआर प्लांट और उपभोक्ताओं के मीटर से पानी की मात्रा की माप की जाएगी। कम पानी की आपूर्ति होने पर लीकेज की जानकारी हो जाएगी।
मीटर के हिसाब से देंगे उपभोक्ता बिल
वर्तमान में बिना मीटर के नल के कनेक्शन संचालित हो रहे हैं। इनका बिल एक निर्धारित राशि के आधार पर लिया जाता है लेकिन 24 घंटे पानी की सप्लाई मिलने वाले किसानों को मीटर की रीडिंग के हिसाब से बिल अदा करना होगा। मीटर के आधार पर बिल देने के चलते उपभोक्ता पानी की बर्बाद भी नहीं करेंगे। इससे पानी की बचत होगी।
पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत 10 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति पहले ही मिल गई थी। टेंडर प्रक्रिया रह गई है। आचार संहिता समाप्त होने की प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। - मुकेश पाल सिंह अधिशासी अभियंता, जल निगम शहरी इकाई