जुलाई से प्रारंभ हुई थी आवेदन प्रक्रिया, नौ थीम पर ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्य का देना था ब्योरा
विकास कार्यों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच प्रधानों को किया जाएगा पुरस्कृत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट ग्राम पंचायत योजना के तहत 80 ग्राम पंचायतों ने आवेदन किए थे। इनमें से 69 ग्राम पंचायतों के आवेदन को पोर्टल पर दर्ज किया गया है क्योंकि ये आवेदन शासन के मानक अनुरूप प्राप्त हुए थे।
विकास कार्यों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की पांच ग्राम पंचायत के प्रधानों को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत शासन ने ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। पोर्टल पर प्रधानों को नौ थीम पर अपने गांव के विकास का ब्योरा ऑनलाइन आवेदन में अपलोड करना है। जिले के छह विकास खंडों में कुल 415 ग्राम पंचायतें हैं।
पंचायतों को विकास कार्यों के लिए प्रोत्साहित करने के लिए सरकार मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना चलाती है। पंचायती राज विभाग के माध्यम से पंचायतों को ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा दी गई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक कराए गए कार्यों के आधार पर पंचायतों को अंकों का निर्धारण होगा।
आवेदन में 100 सवालों के देने थे जवाब
ऑनलाइन आवेदन में 100 सवालों के जवाब भी देने थे। इसमें महिला हितैषी, सुशासन, सामाजिक सुरक्षा, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, स्वच्छ और हरित, पानी की उपलब्धता, बाल मैत्री, स्वस्थ गांव, गरीबी मुक्त गांव, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में पात्र लाभार्थियों की स्थिति, हेल्पलाइन, टीकाकरण, जनसेवा केंद्र की स्थापना और आमदनी, आश्रय स्थल और पंचायत की आमदनी आदि बिंदुओं पर पंचायतों का मूल्यांकन होगा। चुनी गई पंचायतों को गांव में विकास के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
वर्जन
ग्राम प्रधान को पोर्टल पर 15 जुलाई से 16 अगस्त तक आवेदन करने थे। इसके बाद तिथि एक सितंबर तक बढ़ा दी गई थी। कुल 80 आवेदन आए, जिलाधिकारी के अध्यक्षता में गठित समिति ने सभी मानकों पर खरी उतरने वाली 69 ग्राम पंचायतों के आवेदन शासन को भेजे गए हैं। - कुंवर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी