ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत शहर के मोहल्ला तालाबपुरा में एक वृद्ध का शव बंद घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला तालाबपुरा निवासी नन्नू (65) पुत्र खुमान अस्वस्थ रहता था। बृहस्पतिवार को वह सुबह करीब आठ बजे घर से निकल गया। जब काफी देर तक आसपास कहीं दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने मोहल्ले व अन्य परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। करीब डेढ़ घंटे तक खोजबीन करने के बाद परिजनों ने मोहल्ले में कुछ ही दूर स्थित दूसरा मकान, जिसमें कुछ दिनों से ताला पड़ा हुआ था और वहां कोई नहीं जाता था, वहां उस मकान में वृद्ध का शव रस्सी के सहारे कुंदे से फांसी पर लटक रहा था। परिजनों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे रामस्वरूप ने बताया कि उसके चाचा नन्नू अस्वस्थ रहते थे। उन्हें सुनाई भी नहीं देता था, जिससे वह परेशान थे। इसी कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली। मृतक का एक पुत्र है।