बच्चों से पहले गुरुजी पहुंचे स्कूल, व्यवस्थाएं करें दुरुस्त
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने में एक सप्ताह ही बाकी रह गया है। स्कूल खुलने से पलहे विद्यालय परिवेश की भौतिक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देशन परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को दे दिए गए हैं। 01 जुलाई को रविवार होने के कारण सोमवार को 02 जुलाई से परिषदीय स्कूल खुल जाएंगे। जब स्कूल वापसी होने पर बच्चे स्कूल पहुंचे तो उन्हें स्कूल का भौतिक परिवेश व्यवस्थित मिले। इसके लिए शासन के निर्देशन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मायाराम ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों व संकुल प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वह 02 जुलाई को स्कूल खुलने से पहले सभी प्रधानाध्यापक अपने-अपने विद्यालयों की पूरी तरह से साफ-सफाई करालें, जिन विद्यालयों में अभी रंगाई-पुताई का कार्य अधूरा हो तो उसे हर हाल में पूर्ण करा लें। इसके साथ ही इसके साथ ही बच्चों की मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वच्छ शौचालय, बच्चों को स्वच्छ पेयजल व्यवस्था के लिए खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत करा लें। इसके साथ ही बच्चों को खिलाए जाने वाले माध्याह्न भोजन को पकाने के लिए खाद्यान्न व गैस आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। फिलहाल यह निर्देश शासन के निर्देशन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा हर वर्ष ग्रीष्मकालीन अवकाश सप्ताह होने से पूर्व इसी तरह दिए जाते हैं, लेकिन इनका अमल नहीं होता है। स्कूलों के संचालन के समय ही दूर-दराज के गांवों में अध्यापक नियमित रूप से विद्यालय तो पहुंचते नहीं है, अब उनसे क्या उम्मीद लगाई जा सकती है, कि वह बीएसए के निर्देशन पर स्कूल की साफ-सफाई करने स्कूल पहुंचेगें।
आउट ऑफ स्कूल बच्चों को चिह्नित कर कराया जाएगा दाखिला
आने वाले जुलाई के पूरे महिने तक एक बार फिर से स्कूल में दाखिला दिलाने का अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में कक्षा 06 से 14 वर्ष की आयु वाले सभी आउट ऑफ स्कूल बच्चों को चिह्नित किया जाएगा और फिर उनका स्कूल में दाखिला कराया जाएगा। इसमें शिक्षक अपने इलाकों में पहुंचकर स्कूल नहीं जाने वाले बच्चों को चिह्नित करेगें।