टिकट पर फैसला नहीं, होर्डिंग पर छपवा डाले चिह्न
ललितपुर। निकाय चुनाव को लेकर कई दावेदार अतिविश्वास में नजर आ रहे हैं। इसका उदाहरण शहर में लगे होर्डिंग हैं। सपा की एक दावेदार ने तो टिकट फाइनल होने से पहले ही पार्टी का चिह्न व शीर्ष नेताओं के फोटो सहित होर्डिंग लगवा दिए हैं। वहीं, कांग्रेस की एक दावेदार ने लाउड स्पीकर से अपना प्रचार शुरू कर दिया है।
इस बार नगर पालिका परिषद का अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। इसे ध्यान में रखकर पार्टियों ने महिला कार्यकर्ताओं से आवेदन लेना प्रारंभ कर दिए हैं। इस मामले में समाजवादी पार्टी अन्य दलों से आगे नजर आ रही है। स्थानीय कमेटी ने प्राप्त आवेदनों में से तीन नामों पर अपनी संस्तुति शीर्ष नेताओं के पास भेज दी है। इनमें पूर्व नपाध्यक्ष रमेश खटीक की पत्नी किरन, पूर्व चेयरमैन डा. सतीश सुड़ेले की पत्नी संध्या व अजीज कुरैशी की पत्नी नंदा बुखारिया शामिल हैं। इनमें से एक दावेदार किरन देवी के होर्डिंग शहर में जगह-जगह लगा दिए गए हैं। होर्डिंग पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ पूर्व नपाध्यक्ष रमेश खटीक, दावेदार किरन देवी के फोटो हैं तो साइकिल का चिह्न बना हुआ है। होर्डिंग पर बाकायदा ग्यारह वायदों के साथ महिला दावेदार अध्यक्ष पद के लिए आशीर्वाद मांगतीं नजर आ रही हैं। वहीं, कांग्रेस से टिकट की दावेदारी कर रही रेखा पटैरिया ने रिक्शा पर लाउड स्पीकर रखवा कर प्रचार शुरू कर दिया है। हालांकि, उनके प्रचार में किसी पार्टी का जिक्र नहीं है। इसी तरह पूर्व चेयरमैन डा. सतीश सुड़ेले की पत्नी ने अध्यक्ष पद के लिए प्रचार प्रारंभ कर दिया है लेकिन किसी दल को सामने नहीं किया है। सपा की जिला प्रभारी ज्योति सिंह का कहना है कि जिले से तीन नामों की संस्तुति की गई है। लेकिन, अभी किसी का टिकट फाइनल नहीं हुआ है। भाजपा के दावेदार भी पीछे नहीं हैं, टिकट की दावेदारी कर रही कस्तूरी देवी शीर्ष नेताओं की फोटो लगवाकर प्रचार में उतर में आई हैं तो कुछ दावेदार भी त्योहारों की शुभकामनाओं देने के बहाने खुद को मजबूत दावेदार बता रहे हैं। पार्टी के अंदर खाने दावेदारों की गतिविधियों को सवाल उठने लगे हैं तो शहर में टिकट को लेकर अफवाहें फैलने लगी हैं। इसके चलते पार्टी नेताओं को सफाई के लिए आगे आना पड़ रहा है।
भाजपा में तीन दावेदार और आए सामने
वरिष्ठ नेता अशोक साहू की पत्नी सरोज साहू, डा. दीपक चौबे की भाभी नीलम चौबे, रत्नेश तिवारी की पत्नी भारती तिवारी ने टिकट पर दावा ठोककर सबको चौंका दिया है। इससे पार्टी नेताओं को प्राप्त आवेदनों में से तीन नाम चुनने में कठिनाई आ रही है।
......
दावेदारी ली वापस
कांग्रेस में जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कुशवाहा की पुत्र वधू सविता कुशवाहा ने अपना आवेदन पत्र वापस ले लिया है तो कुछ अन्य दावेदार उभरकर सामने आए हैं। इनमें अनिल जैन सीमा की पत्नी सुषमा जैन, अजय तोमर की पत्नी कृष्णा तोमर, विजय विक्रम सिंह की पत्नी यशोधरा राजे ने आवेदन किया है। इसके अलावा नगर अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा की पत्नी अरुण शर्मा, पूर्व चेयरमैन अशोक पटैरिया की पत्नी रेखा, कैलाश श्रीवास्तव की पत्नी रूकमणि, आरती राय मजबूती से टिकट मांग रही हैं। इस तरह कांग्रेस से टिकट मांगने वाले दावेदारों की संख्या आठ हो गई है।
.......
चार में से एक चेयरमैन की दावेदारी खत्म
सपा से तीन पूर्व चेयरमैन की पत्नियों ने आवेदन किए हैं। इनमें से निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष जायसवाल की पत्नी ऊषा जायसवाल का आवेदन टिकट की दौड़ से बाहर हो गया है। जिन तीन नामों की संस्तुति हुई है, उनमें ऊषा जायसवाल का नाम शामिल नहीं हो सका। वर्तमान में दो पूर्व चेयरमैन की पत्नी टिकट की दौड़ अभी भी बनी हुई हैं तो कांग्रेस से एक पूर्व चेयरमैन की पत्नी टिकट के लिए जोर आजमाइश कर रही हैं।