चयनित एबीआरसी ने भरे ब्लॉक आवंटन के विकल्प
ललितपुर।
नवीन चयनित सह-समन्वयकों को ब्लॉक आवंटन को लेकर काफी इंतजार था, जो अब समाप्त हो चुका है। सह-समन्वयकों की तैनाती के लिए उनके द्वारा ब्लॉक आवंटन का विकल्प भरवा लिया गया है, केवल डीएम के अनुमोदन के बाद नियुक्ति पत्र जारी होना बाकी रह गया है।
मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सह-समन्वयक चयन समिति के तत्वावधान में चयनित सह-समन्वयकों से ब्लॉक आवंटन के लिए विकल्प भराए गए। ब्लॉक चुनने के लिए मेरिट के आधार पर प्रक्रिया अपनाई गई है, साथ ही इसमें महिला एबीआरसी को मेरिट के आधार पर प्राथमिकता भी दी गई है। प्रथम विकल्प पर जखौरा ब्लॉक रहा, क्योंकि जखौरा ब्लॉक संसाधन केंद्र जिला मुख्यालय पर ही स्थापित है। पांच विषयों के सापेक्ष कुल 31 पदों पर चयन किया गया था, जिसमें कुल 26 एबीआरसी चुने गए हैं। चयनित एबीआरसी में पांच महिलाएं हैं, इनमें हिंदी व विज्ञान विषय पर दो-दो महिला एबीआरसी व अंग्रेजी में एक महिला एबीआरसी है इसके अलावा सामाजिक विज्ञान व गणित विषय में कोई भी महिला एबीआरसी नहीं है। महिला एबीआरसी को ही ब्लॉक चुनने का पहला मौका दिया गया, इसके बाद पुरुष एबीआरसी को मौका मिला। गौरतलब है कि सबकी नजर ब्लॉक संसाधन केंद्र पर हिंदी विषय के एबीआरसी पर टिकी हुई थी। इसकी मुख्य वजह है कि हिंदी विषय के लिए दो महिला एबीआरसी चयनित हुई है, इनमें शकुंतला कुशवाहा शिक्षक नेता होने के साथ सदर विधायक रामरतन कुशवाहा की पत्नी है और दूसरी महिला एबीआरसी दीपा सिंधी है, इनके भी पति भाजपा पार्टी के वरिष्ठ नेता है। इसमें मेरिट के आधार पर दीपा को ब्लॉक चुनने का पहला मौका है, जिसमें उन्होंने जखौरा ब्लॉक ही चुना है। इस दौरान सह-समन्वयक चयन समिति के अध्यक्ष डायट प्राचार्य जेपी राजपूत, सचिव जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार समेत वरिष्ठ खंड शिक्षा अधिकारी एनएल शर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता डायट कीर्ति शुक्ला उपस्थित रहे।