स्वच्छ भारत का एक हिस्सा है स्वच्छता सर्वेक्षण
ब्लॉक जखौरा और बिरधा में गोष्ठी का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। ब्लाक जखौरा और बिरधा में आयोजित स्वच्छता गोष्ठी में स्वच्छता सर्वेक्षण की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की अधिकतर योजनाओं की सफलता का आधार ग्राम प्रधान के सहयोग पर निर्भर करता है।
डीएम मानवेंद्र सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर किया। उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधान, आशाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान स्वच्छ भारत मिशन की एक गतिविधि है। हमारा जनपद ओडीएफ होने के करीब है। अब हमें विकास के दूसरे चरण पर कार्य करना है। सरकार व्यक्तिगत शौचालय बनवाने के लिए 12000 रुपये की धनराशि लाभार्थियों को दे रही हैं। इसके बाद भी तमाम लाभार्थी शौचालय बनवाने के बाद भी उसका उपयोग नहीं कर रहे हैं, जिससे उस धनराशि का सार्थक दिशा में उपयोग नहीं हो पा रहा है। एक अगस्त से विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, हाट बाजार, धार्मिक स्थल और स्वास्थ्य केंद्र पर स्वच्छता सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके लिए भारत सरकार से गठित टीम जनपद में आ रही है। इस दौरान सर्वे टीम हमारे जनपद में स्वच्छता का सर्वे कर हमें अन्य जनपदों की तुलना में रैंकिंग के हिसाब से अंक प्रदान करेगी। इसके लिए तीन मानकों पर अंक प्रदान किये जाएंगे, जिसमें प्रथम मानक के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों पर शौचालयों की स्थिति (है या नहीं) पर 05 अंक, शौचालय के प्रयोग किये जाने पर 05 अंक, उस क्षेत्र में कूड़ाकरकट एकत्र न होने पर 10 अंक तथा उक्त क्षेत्र में जल का भराव न होने पर 10 अंक दिये जाएंगे। इस प्रकार प्रथम मानक से हमें 30 अंक प्राप्त होंगे। द्वितीय मानक के अनुसार सफाई व्यवस्था पर लोगों की राय सर्वे टीम द्वारा ली जाएगी, जिस पर सामान्य नागरिक द्वारा सकारात्मक राय दिये जाने पर 20 अंक, बुद्धिजीव लोगों द्वारा सकारात्मक राय दिए जाने पर 10 अंक तथा सोशल मीडिया द्वारा सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर 05 अंक दिए जाएंगे। इस प्रकार द्वितीय मानक द्वारा हमें 35 अंक प्राप्त होंगे। तीसरे मानक के अनुसार जो खुले में शौचमुक्त ग्रामों के लिए 05 अंक, गांव में स्वच्छता आच्छादन के लिए 05 अंक, खुले में शौचमुक्त ग्रामों की संख्या अधिकतम होने पर 10 अंक, निष्प्रयोज्य शौचालय के लिए 10 अंक तथा जियो टेगिंग के लिए 05 अंक प्रदान किये जायेंगे। यह सर्वे सम्पूर्ण भारत में किया जा रहा है, इसकी तैयारी के लिए लोग स्वयं श्रमदान भी कर रहे हैं। हमारा जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे, इस क्षेत्र में हमें उत्कृष्ट प्रयास करने चाहिए। इसके लिए सभी ग्राम प्रधानों को पंचायत के लोगों के साथ बैठक आयोजित करनी है। वहीं, स्कूलों के प्रधानाचार्यों के सहयोग से बच्चों द्वारा रैली स्वच्छता निकालकर लोगों को प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शिवनारायण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी सदर घनश्याम वर्मा, उप जिलाधिकारी पाली नरेन्द्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके शाक्य, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी, जखौरा, खण्ड विकास अधिकारी, बिरधा सुनील कुमार, प्रभारी अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी एसपी सिंह सहित ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।