अमरपुर व खितवांस मंडी में खुलेंगे चना, मसूर के नए क्रय केंद्र
अभी पाली, जाखलौन व मड़ावरा में हो रहे तीन क्रय केंद्र संचालित
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शासन द्वारा किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य दिलाने के उद्देश्य से समर्थन योजना के अंतर्गत इस बार गेहूं के साथ ही दलहनी फसलों चना, मसूर और सरसों की भी सरकारी खरीद करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत जिला में अब तक कुल तीन केंद्र पाली, जाखलौन और मड़ावरा में खुले हुए थे। इसमें चना और मसूर की खरीद हो रही है। लेकिन अब शासन के निर्देश पर किसानों को उचित लाभ दिलाने के लिए जनपद में दो नवीन क्रय केंद्र और खोले गए हैं, जो अमरपुर मंडी और खितवांस स्थित नवीन मंडी स्थल में खोले जाएंगे।
पीसीएफ उप्र कोआपरेटिव फेडरेशन लि., प्रधान कार्यालय लखनऊ द्वारा दलहनी/तिलहनी फसलों चना, मसूर और सरसों का बाजार भाव कम होने के कारण किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत चना एवं मसूर की खरीद सीधे कृषकों से करने का निर्णय लिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत निर्धारित मूल्य चना 4400 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 4250 प्रति क्विंटल की दर से क्रय हेतु पीसीएफ, यूपीएसएस को क्रय एजेंसी नामित किया गया है। पीसीएफ, यूपीएसएस द्वारा संचालित केंद्रों के माध्यम से उक्त जिन्सों की खरीद की जा रही है। इसके तहत जिला में भी तीन केंद्र खोले जाने की स्वीकृति मिली थी। लेकिन अब शासन द्वारा जनपद में दो नवीन क्रय केंद्र और खोलने का निर्णय लिया गया है। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि चना और मसूर के नवीन मंडी स्थल अमरपुर में प्रभारी रवी भूषण कुशवाहा को और महरौनी तहसील अंतर्गत ग्राम खितवांस में नवीन मंडी स्थल के लिए प्रभारी राघवेंद्र शुक्ला को बनाया गया है। यह दोनों नवीन क्रय केंद्र 11 जून से खोले जाने हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वह अपनी कृषि उपज उपरोक्त क्रय केंद्रों में साफ करके लाएं एवं अपना पंजीकरण संबंधित केंद्र प्रभारी से संपर्क करके, चना व मसूर का विक्रय करके सरकारी योजना का लाभ अर्जित करें।