फिल्म अभिनेता व अभिनेत्री की टिप्पणी से रोष
ललितपुर। अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा ने एक फिल्म अभिनेता और अभिनेत्री द्वारा एक निजी चैनल पर फिल्म प्रमोशन के दौरान वाल्मीकि समाज के बारे में घृणास्पद एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने की निंदा करते प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में बताया गया कि एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यूह में अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने वाल्मीकि समाज के लिए जातिसूचक अपशब्द का प्रयोग किया है। जिसे लेकर पूरे वाल्मीकि समाज में आक्रोश व्याप्त है और देश में जगह-जगह इसके विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट का सख्त आदेश भी है कि किसी भी व्यक्ति, समुदाय विशेष को जाति शब्दों का प्रयोग नहीं किया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है, लोग सस्ती लोकप्रियता के लिए ऐसा करते हैं। इनके खिलाफ अनुसूचित जाति एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने और इनकी आने वाली फिल्म पर रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष दीपक धावरी, बृजेश कुमार, राजकुमार, मंजीत करौसिया, अमित कुमार, महेंद्र, नरेंद्र कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं।
वहीं जिला युवा अधिवक्ता संघ के प्रवक्ता अधिवक्ता विजय कुमार सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजकर बताया कि अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी द्वारा वाल्मीकि समाज के बारे में घृणास्पद एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जो एक गंभीर आपराधिक एवं वर्गभेदी कृत्य है। इससे पूरे देश में दलितों की भावनाएं आहत हुई हैं एवं सम्मान को क्षति पहुंची है, जिसके खिलाफ वाल्मीकि समाज ने महाराष्ट्र में प्राथमिकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन उक्त आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोनों अभिनेता को गिरफ्तार करने की मांग की है। शीघ्र ही गिरफ्तारी नहीं होने पर उन्होंने दलितों की ओर से महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी भी दी है।