ललितपुर। यूपी बोर्ड इलाहाबाद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने से प्रस्तावित केंद्रों की संख्या अड़तीस हो गई है। इस पर जिला स्तरीय कमेटी ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से आपत्तियां मांगी हैं। वहीं, प्रस्तावित केंद्रों का सत्यापन कर उनकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश उप जिलाधिकारियों को दिए गए हैं।
वर्ष 2016 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में नामांकित परीक्षार्थियों की संख्या 35,059 हो गई है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 1,976 परीक्षार्थी अधिक है। इस कारण तीन परीक्षा केंद्र बढ़ाने पड़े हैं। इस साल की परीक्षा के लिए अड़तीस केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि गत वर्ष छत्तीस परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें से एक परीक्षा केंद्र डिबार हो जाने के कारण उसे सूची से हटा दिया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने जनपदस्तरीय परीक्षा समिति की बैठक करे केंद्रों के निर्धारण पर विचार विमर्श किया। इस दौरान जीजीआईसी ललितपुर के हाईस्कूल केंद्र डिबार होने की जानकारी दी गई। वहीं, गत वर्ष के मुकाबले प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने से अवगत कराया।
जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम प्रकाश यादव ने बताया कि वर्ष 2016 की परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई है। जिस कारण परीक्षा केंद्र बढ़ाने पड़े हैं। इस पर प्रधानाचार्यों से आपत्तियां मांगने का निर्णय लिया गया। वहीं, सभी उप जिलाधिकारी को क्षेत्र अंतर्गत प्रस्तावित किए गए परीक्षा केंद्रों के भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं, इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह में उपलब्ध कराएं, जिससे कि परीक्षा केंद्रों का अनुमोदन किया जा सके। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को गत वर्ष के परीक्षा केंद्रों की सूची, प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची और डिबार विद्यालय की सूची भी उपलब्ध कराई।
बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य पूनम मलिक, सरस्वती इंटर कालेज मड़ावरा के प्रधानाचार्य रामसंजीवन प्रजापति आदि उपस्थित रहे।
इतने हैं नामांकित बच्चे
संस्थागत एवं व्यक्तिगत नामांकित परीक्षार्थियों पर नजर डालें तो हाईस्कूल संस्थागत बालक 11,988, बालिका 8,584, व्यक्तिगत बालक 1,141, बालिका 490, इंटरमीडिएट संस्थागत बालक 6,137, बालिका 5,889, व्यक्तिगत बालक 420 व बालिका 410 नामांकित हुए हैं। इस तरह हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के कुल 35,059 परीक्षार्थी आगामी परीक्षा में शामिल होंगे। गत वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 33,083 परीक्षार्थी नामांकित थे।