ललितपुर। विद्युत निगम ने सभी श्रेणी के विद्युत संयोजनधारी बड़े बकाएदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के निर्देश पर विभाग द्वारा नलकूप संयोजनधारी बड़े बकाएदारों को अब आरसी जारी की जाएगी, जिससे तहसील के माध्यम से राजस्व वसूली होगी। वसूली पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त वसूली चार्ज भी लिया जाएगा। विद्युत निगम द्वारा जिले में नलकूप संयोजनधारी किसानों को बिजली मुहैया कराई जाती है। उपभोक्ताओं द्वारा हर माह बिजली का उपभोग किया जाता है।
लेकिन जनपद के किसानों में से काफी कम किसान ऐसे हैं, जो हर महीने और नियमित भुगतान कर रहे हैं। बाकी, ज्यादातर उपभोक्ता भुगतान में लापरवाही बरतते हैं, जिससे उनके ऊपर करोड़ों रुपये का बकाया हो गया है। एक माह पूर्व विभाग द्वारा 10 हजार रुपये से अधिक के बकाएदार किसान उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करते हुए विद्युत बिल जमा करने को कहा था, लेकिन उपभोक्ताओं ने इस बारे में कोई रुचि नहीं ली।
जिले में 4,695 नलकूप संयोजनधारी उपभोक्ताओं पर 42,95,66,869 रुपये बकाया है। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता प्रशांत सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा विद्युत चोरी रोकने और राजस्व वसूली करने के लिए विद्युत चेकिंग महाअभियान बुधवार से शुरू किया जा रहा है, जिसमें नलकूप संयोजनधारी बिजली उपभोक्ताओं से भी वसूली की जाऐगी। उन्होंने बताया कि नोटिस के बाद भी राजस्व वसूली अदा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की आरसी जारी की जाएगी, जिसके तहत तहसील द्वारा उपभोक्ताओं से वसूली की जाएगी, जिस पर उपभोक्ताओं को 10 प्रतिशत तहसील शुल्क भी देना होगा।