ललितपुर। जिले में बढ़ते संक्रमण से बचाव के लिए लोग कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाने में रुचि ले रहे हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 72 सत्र में 4406 व्यक्तियों का कोविड टीकाकरण कराया। इनमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के 2647 व्यक्ति व 60 वर्ष से अधिक उम्र के 1759 लोग शामिल थे। अब तक के वैक्सीनेशन में एक दिन का यह सर्वाधिक आंकड़ा है।
बढ़ते संक्रमण को लेकर अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीनेशन किए जाने का लक्ष्य दिया गया है। इसको लेकर एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगना शुरू हो गई है, लेकिन बीते दिनों में लोग कोविड वैक्सीन के टीके को लेकर रुचि नहीं दिखा रहे थे। जैसे ही संक्रमण की रफ्तार बढ़ी, लोग वैक्सीन लगवाने को लेकर आगे आना शुरू हो गए। स्वास्थ्य विभाग ने अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन देने की तैयारी की है। इसे लेकर जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और न्यू पीएचसी पर टीकाकरण किया जा रहा है। अब हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर समेत आयुर्वेदिक अस्पतालों में भी वैक्सीनेेशन शुरू कर दिया गया है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर 72 सत्र लगाकर वैक्सीनेशन किया गया। इसमें 45 से 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें जिला अस्पताल पुरुष में 352 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसी प्रकार जिला महिला अस्पताल में 240 लोगों, गोविंद नगर न्यू पीएचसी में 54 लोगों को वैक्सीनेशन किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में ब्लाक महरौनी में 555 लोगों को टीका लगाया गया। मड़ावरा में 700, तालबेहट में 555, बार में 554, बिरधा में 663 और जखौरा में 675 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया। इसके अलावा 58 लोगों ने निजी अस्पताल में टीकाकरण कराया। इस तरह कुल 4406 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया।
----
सोमवार को अब तक एक दिन में सबसे अधिक टीकाकरण किया गया। इसमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के 2647 लाभार्थियों समेत 4406 लोगों को कोविड वैक्सीन का टीका लगाया गया।
- डा. हुसैन खां
नोडल अधिकारी
कोविड टीकाकरण