संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गर्मी के मौसम में 420 हैंडपंप पानी छोड़ चुके थे। इससे पेयजल संकट बढ़ गया था। सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने अति संवेदनशील स्थानों पर चिह्नित कर सभी 420 हैंडपंप की मरम्मत करा दी है। अब ये हैंडपंप मोहल्लेवासियों की प्यास बुझा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि शेष हैंडपंप की मरम्मत जल्द कराई जाएगी।
पेयजल संकट से निपटने के लिए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने माइक्रोप्लान तैयार किया था। प्रत्येक वार्ड में खराब हैंडपंप की मरम्मत व निगरानी कर निर्धारित स्थानों पर टैंकर से पानी उपलब्ध कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। इनकी निगरानी के लिए एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार को नोडल अधिकारी बनाया है। एडीएम नमामि गंगे ने बताया कि 91 हैंडपंप रीबोर किए जाने हैं। सभी वार्डों में सर्वे कर खराब हैंडपंप को चिह्नित किया जा रहा है।
-
12 टैंकर से 84 स्थानों पर पहुंच रहा पानी
कुछ वार्डों में जलस्तर गिरने से हैंडपंप पानी देना बंद कर देते हैं। ऐसे में इन मोहल्लों में पानी का संकट विकराल हो जाता है। इन मोहल्लों में टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाता है। वर्तमान में जल संस्थान द्वारा 12 टैंकरों के माध्यम से 84 स्थानों पर पानी भेजा जा रहा है।