ललितपुर। रविवार को शुरू हुई पंचायत चुनाव की मतगणना काफी सुस्त रफ्तार से शुरू हुई। देर रात तक कुल 416 पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए। इसमें ग्राम प्रधानों के 111, ग्राम पंचायत सदस्यों के 216 और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के 89 परिणाम शामिल हैं। जिला पंचायत सदस्य पद का एक भी परिणाम घोषित नहीं हो सका।
मतगणना स्थल पर दो सौ मीटर की दूरी के अंदर किसी भी बाहरी व्यक्ति को जाने की इजाजत नहीं दी गई। केवल वही उम्मीदवार और उनके अभिकर्ता पहुंचे, जिन्होंने कोरोना जांच कराकर निगेटिव रिपोर्ट ले ली थी। ग्राम प्रधानों के 415 के अतिरिक्त 523 क्षेत्र पंचायत सदस्यों, 5175 ग्राम पंचायत सदस्यों और 21 जिला पंचायत सदस्यों के रिजल्ट को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है।
सभी ब्लाकों पर मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई लेकिन कई टेबलों पर तकनीकी कारणों से मतगणना आधे घंटे बाद शुरू सकी। सर्वाधिक देरी मतगणना ब्लाक बिरधा में करीब साढ़े नौ बजे शुरू हुई। मतगणना को लेकर कैंपस के अंदर तो केवल प्रत्याशी और उनके अभिकर्ता गए लेकिन समर्थक वहीं आसपास सड़कों से मैदानों तक डटे रहे। पुलिस ने उन्हें दूर हटाने का भी प्रयास किया लेकिन वे डटे रहे। जो भी प्रत्याशी जीतकर आया, बाहर निकलते ही समर्थकों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
महरौनी ब्लॉक की मतगणना सुबह 8 बजे से राजकीय महाविद्यालय में हुई। मतगणना 10 चक्र में शुरू हुई। इसके लिए 22 टेबल लगाई गई थीं। भौंडी और गौना न्याय पंचायत में तीन- तीन टेबल तथा सिलावन, खिरिया लटकन जू, गुढ़ा, सैदपुर न्याय पंचायत में चार- चार टेबल लगाई गई थी। पहले राउंड में 6 न्याय पंचायतों की ग्राम पंचायत सिलावन, चौकी, भैरा, नेगुवा, खिरिया लटकन जू, छपरट, मिदरवाहा, पचौड़ा, भौंड़ी, पथराई, बुदनी-मड़ावरा, गुढ़ा, क्योलारी, सौजना, गौना, लुहर्रा, अगौड़ी, सैदपुर, पठा बिजयपुरा, नैनवारा, रमेशरा, सौजना की गिनती 22 टेबलों पर प्रारंभ हुई। बिरधा में कुल 28 टेबल पर मतगणना सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुई। अन्य सभी ब्लाकों की मतगणना समय से आरंभ हो गई थी।
--------
ब्लाक का नाम ग्राम पंचायत सदस्य ग्राम प्रधान क्षेत्र पंचायत सदस्य
------ ------- ----- ------
मड़ावरा कुल पद- 789 कुल पद- 65 कुल पद- 74
चुनाव हुए- 110 चुुनाव हुए- 65 चुनाव हुए- 71
घोषित परिणाम- 25 घोषित परिणाम- 15 घोषित परिणाम- 13
---------
महरौनी कुल पद- 808 कुल पद- 66 कुल पद- 78
चुनाव हुए- 135 चुुनाव हुए- 66 चुनाव हुए- 76
घोषित परिणाम- 36 घोषित परिणाम- 16 घोषित परिणाम- 16
-------
बार कुल पद- 788 कुल पद- 62 कुल पद- 83
चुनाव हुए- 169 चुुनाव हुए- 62 चुनाव हुए- 78
घोषित परिणाम- 55 घोषित परिणाम- 13 घोषित परिणाम- 13
-------
तालबेहट कुल पद- 702 कुल पद- 54 कुल पद- 84
चुनाव हुए- 156 चुुनाव हुए- 54 चुनाव हुए- 83
घोषित परिणाम- 22 घोषित परिणाम- 21 घोषित परिणाम- 11
--------
बिरधा कुल पद- 1017 कुल पद- 83 कुल पद- 98
चुनाव हुए- 173 चुुनाव हुए- 83 चुनाव हुए- 98
घोषित परिणाम- 50 घोषित परिणाम- 25 घोषित परिणाम- 25
-------
जखौरा कुल पद- 1071 कुल पद- 85 कुल पद- 106
चुनाव हुए- 170 चुुनाव हुए- 85 चुनाव हुए- 98
घोषित परिणाम- 28 घोषित परिणाम- 21 घोषित परिणाम- 11
-------- ------- ------ -------
कुल कुल पद- 5175 कुल पद- 415 कुल पद- 523
चुनाव हुए- 913 चुनाव हुए- 415 चुनाव हुए 504
घोषित परिणाम- 216 घोषित परिणाम- 111 घोषित परिणाम- 89
--------
बंद दुकानों से बिक गईं लाखों की मिठाइयां
ललितपुर। मतगणना का कार्य तो अपनी जगह चल रहा है। कार्य धीमी गति से चलने के कारण इस बार परिणाम देर से आने की संभावना है। लेकिन जो प्रत्याशी जीते हैं, उनकी खुशी का पारावार नहीं रहा। समर्थकों के संग जश्न मनाया और उन्हें मिठाइयां भी खिलाईं। हालांकि कहने को साप्ताहिक लॉकडाउन के दौरान सभी दुकानें बंद रहीं, उनमें मिठाई दुकान भी शामिल रही। लेकिन शाम होते- होते मिठाई की बंद दुकानों से विजेता प्रत्याशी और उनके समर्थक मिठाइयां पिछले दरवाजे से खरीदते रहे। इस प्रकार बंद दुकानों से भी लाखों की मिठाइयां बिक गईं। सूत्रों पर भरोसा करें सभी छह ब्लाक मुख्यालयों जखौरा, बिरधा, तालबेहट, महरौनी, बार और मड़ावरा में कुल मिलाकर करीब चार लाख की मिठाइयां बिक गईं।