एक सप्ताह से पानी के लिए तरस रहे लोग
ललितपुर। एक सप्ताह से जल संस्थान की उदासीनता के चलते जलापूर्ति चरमराई हुई है। विभिन्न मोहल्लों में 10 से 15 मिनट की ही आपूर्ति हो पा रही है। इससे लोगों में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची है। इसके बाद भी न तो इसे अधिकारी गंभीरता से ले रहे हैं और न ही नेता। वोटों की तो सबको फिकर है, लेकिन इस समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं है।
वर्षों पुरानी मशीनरी के सहारे शहर की प्यास बुझाने का दंभ भरने वाले जल संस्थान की सांसें अभी से फूूलने लगी हैं। एक सप्ताह से विभिन्न मोहल्लों में पेयजल की समस्या बनी हुई है। कहीं 10 से 15 मिनट की आपूर्ति हो रही है तो कहीं लोगों को बूंद भी नसीब नहीं हो रही है। बुधवार को जल संस्थान की मोटर में फाल्ट होने से जलापूर्ति को फिर से झटका लगा है और मोहल्ला कटरा बाजार सहित सरदारपुरा, चौबयाना, महावीरपुरा, स्टेशन, आजादपुरा, राजपूतकालोनी, छत्रसालपुरा, चिरोलपुरा, पठापुरा, आजादपुरा टोरिया के पास, नेहरू नगर, देवगढ़ रोड, पुरानी बजरिया, गोविंद नगर, रामनगर में पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है। ढलान वाले मोहल्लों में दस से 15 मिनट ही जलापूर्ति हो पाई है। विभागीय अफसर एक-दो दिन में व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा करते हैं, लेकिन ऐसा संभव हो नहीं पा रहा है। जिस वजह से लोगों में विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
महावीरपुरा में भेजा गया टैंकर
महावीरपुरा में पेयजल की समस्या होने पर पानी का टैंकर भेजा गया तो यहां पानी भरने की लाइन लग गई। इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता से बात की तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की। उनका कहना है कि जब तापमान बढ़ेगा, तब टैंकर से जलापूर्ति आरंभ की जाएगी। उधर, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण कुमार सिंह ने एडीओ पंचायत व ग्राम पंचायत अधिकारियों से खराब हैंडपंप व टैंकर से जलापूर्ति के बारे में सूचना मांगी है।
मोहल्ल आजाद चौक के आसपास के क्षेत्र में आठ दिन से पेयजल की समस्या बनी हुई है। इस कारण लोगों को हैंडपंप तलाशने पड़ रहे हैं। विभागीय अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
- बृजेश नारायण त्यागी, आजाद चौक
दस मिनट पानी नल से आए। इस वजह से पानी का इंतजाम भी नहीं कर पाए। दुकान से कई ग्राहकों को बगैर पानी पीये ही जाना पड़ा। जल संस्थान की लापरवाही से ग्राहकी पर असर पड़ रहा है।
- विजय नारायण नगाइच, दुकानदार
दस मिनट की जलापूर्ति में होटल के बर्तन ही साफ हो पाते हैं। ग्राहकों को पीने के पानी का इंतजाम करने के लिए हैंडपंप से पानी भरना पड़ता है। एक- दो दिन हो तो बात समझ आती है, कई दिनों से यह समस्या देखी जा रही है।
- सतीश, दुकानदार, कटरा बाजार
मोहल्ला पठापुरा में चार- पांच दिन से नल नहीं आ रहे हैं। इसकी शिकायत करते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है। यदि हैंडपंप नहीं लगे हों तो कंठ तर करना मुश्किल हो जाए।
- भैयालाल, पठापुरा
गर्मी का सीजन आ चुका है और जल संस्थान का यह हाल है। यदि ऐसा ही बना रहा तो गर्मियों में पीने का पानी मिलना मुश्किल हो जाएगा।
- अभिषेक नायक, दुकानदार
मोटर में फाल्ट होने से जलापूर्ति बाधित हो गई थी। इसकी मरम्मत करा दी गई है। बृहस्पतिवार से जलापूर्ति ठीक होने की उम्मीद है।
- प्रवीण यादव, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान