हाईटेंशन लाइन के नीचे बना दिया गहन चिकित्सा कक्ष
ललितपुर। स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल परिसर में नियमों को ताक पर रखकर ट्रामा सेंटर के सामने हाइटेंशन लाइन के नीचे गहन चिकित्सा कक्ष का निर्माण करवा दिया। इससे हर समय अनहोनी होने का भय बना रहता है। विभागीय अधिकारी इस ओर से बेपरवाह हैं।
जिला अस्पताल में बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए अलग से हाईटेंशन लाइन लगाई गई है। इसका सब स्टेशन परिसर में ही बनाया गया है। इससे अस्पताल की विद्युत आपूर्ति को शहर की आपूर्ति से अलग रखा गया है। इस लाइन के होने से शहर में बिजली की समस्या होने पर अस्पताल में विद्युत की आपूर्ति किसी भी प्रकार से बाधित नहीं होती है, लेकिन परिसर में इसी लाइन के नीचे ट्रामा सेंटर के सामने गहन चिकित्सा कक्ष का निर्माण किया गया है। इसमें हृदय रोग से संबंधित मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसके लिए चार कमरों का निर्माण किया गया है। इसी भवन के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकलने से दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है, साथ ही भवन में कार्य कर रहे मजदूरों को भी हाईटेंशन लाइन का खतरा बना हुआ है। लाइन के पास का कार्य सीढ़ी के सहारे किया जा रहा है। इससे पहले भी शहर में निकली अन्य हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौतें हो चुुकी हैं। इसके बाद भी संबंधित विभागीय अधिकारी हाईटेंशन लाइन को लेकर अनजान बने हुए हैं।
दो माह बाद भी नहीं मिला ट्रांसफार्मर
जिला अस्पताल में सीटी स्कैन व डिजिटल एक्सरे के लिए अलग से ट्रांसफार्मर लगाया गया। इससे विद्युत कनेक्शन होते ही कुछ दिन में जल गया। ट्रांसफार्मर को जले लगभग दो माह से अधिक समय बीतने के बाद भी नहीं बदला गया है, जिससे अस्पताल में कई मशीनें बंद पड़ीं है। वर्तमान में एक ही ट्रांसफार्मर से कार्य चल रहा है।
सीटी स्कैन मशीन व डिजिटल एक्सरे की मशीन को वर्तमान में ट्रांसफार्मर की आवश्यकता नहीं है। आवश्यकता पड़ने पर ट्रांसफार्मर के लिए विभाग को पत्र लिखा जाएगा।
- डा. एसके वासवानी
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक
जिला अस्पताल ललितपुर।
जिला अस्पताल परिसर में गहन चिकित्सा कक्ष का निर्माण किया गया है। इस भवन के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकले होने का मामला समाने आया है। जिसकी जांच कराई जाएगी।
- डॉ. प्रताप सिंह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी
ललितपुर
हाईटेंशन विद्युत लाइन टूटने से दो झुलसे
मड़ावरा। कस्बे में स्थित 33/11 केवीए उपकेंद्र के नजदीक हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से दो युवक झुलस गए, वहीं इस घटना से ग्रामीणों में विद्युत विभाग की लचर कार्यप्रणाली के प्रति रोष व्याप्त है। गौरतलब है कि कस्बे में पॉवर हॉउस से मदर्स प्राइड स्कूल के पास गिरार फीडर की 11 हजार वोल्टेज की लाइन निकली है। शुक्रवार की सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे डबल पोल से एक तार टूटकर रास्ते में नीचे गिर गया। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे टौरिया मोहल्ला निवासी शाहिद खाँ और नवाब खाँ विद्युत करेंट की चपेट में आकर घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनकी हालात में सुधार बताया गया। वहीं, इस प्रकरण में ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल के आसपास एवं आमरास्तों पर से गुजरी हाईटेंशन लाइन के नीचे अर्थ-गार्डिंग की व्यवस्था कराई जाए ताकि तार टूटने पर जनहानि की शंका कम हो सके।