स्कूलों में भेजे जा रही फर्नीचर की गुणवत्ता की हो जांच
हिंदू युवा वाहिनी ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की आपूर्ति की जा रही है। हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन देकर फर्नीचर की गुणवत्ता पर सवालिया निशान लगाए हैं।
जनपद के 95 परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका जिम्मा ई-टेंडरिंग करने के बाद झांसी की एक फर्म को सौंपा गया है। हिंदू युवा वाहिनी के झांसी मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह परमार और जिला महामंत्री संदर्भ पटसारिया ने डीएम मानवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि उक्त फर्म द्वारा विद्यालयों में जो फर्नीचर की आपूर्ति की जा रही हैं, उसमें शासन द्वारा निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। शासन द्वारा तय मानकों के अनुसार फर्नीचर का लोहे का पूरा ढांचा करीब 46.62 किलोग्राम होना चाहिए। जबकि हकीकत यह है कि जो फर्नीचर विद्यालयों में भेजा का रहा है, उसका वजन 25 से 30 किलो ग्राम ही है। इस तरह फर्नीचर की गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। गौरतलब है कि जनपद के कुल 95 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की आपूर्ति की जानी है। प्रत्येक विद्यालय में 35-35 फर्नीचर भेजे जाने हैं, इस हिसाब से कुल 3,325 फर्नीचर भेजे जाने हैं। इसकी कुल लागत एक करोड़ 44 लाख 60 हजार 425 रुपये है। संगठन ने डीएम को दिए ज्ञापन में मांग की है। फर्नीचर के मानकों व गुणवत्ता की उच्चाधिकारियों से जांच कराई जाए। इसके साथ ही यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो उक्त फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। ज्ञापन पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र परमार व संदर्भ पटसारिया समेत रवि ठाकुर, रामरतन राय, अंशुल, दीपक शर्मा, हरनारायण निरंजन, मनोज कुमार, संदीप शर्मा, राजीव कुमार, अंकित के हस्ताक्षर हैं।