दस हजार से अधिक के बकाये पर कटेंगे कनेक्शन
ललितपुर। बिजली विभाग द्वारा शहर में शत-प्रतिशत बकायेदारी वसूलने के लिए अब दस हजार रुपये से अधिक के सभी बकायेदारी की सूची बनाकर कनेक्शन काटने का निर्णय लिया है। शहर में बनाई गई डिस्कनेक्शन टीमों द्वारा अभियान चलाकर घर-घर जाकर दरवाजा खटखटाकर विद्युत राजस्व की वसूली की जा रही है।
विद्युत अधिशासी अभियंता डीआर विमलेश के निर्देश पर उपखंड अधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा ने दस हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों की सूची बनाई है। बकायेदारों की बनाई गई सूची को प्रत्येक दिन अवर अभियंताओं के नेतृत्व में मुहल्लावार जाकर अभियान चलाने की योजना तैयार की गई है। शहर में दस हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों की सूची के अनुसार करीब दस करोड़ रुपये से अधिक के बकायेदार हैं। उनसे वसूलने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा अवर अभियंताओं और मीटर रीडरों के नेतृत्व में फीडरवार मुहल्लों में वसूली के लिए टीमों का गठन किया गया है। टीमों द्वारा शहर में बकायेदारी वसूलने के लिए नशैनी लेकर विद्युत वसूली की जा रही है, ताकि यदि कोई व्यक्ति वसूली अदा नहीं करता है या फिर दस हजार रुपये से अधिक का बकाया है तो उसका कनेक्शन मौके पर काटा जा सके। उपखंड अधिकारी ने बताया कि विद्युत राजस्व वसूली के लिए हर दिन टीमें मुुहल्लों में जाकर उपभोक्ताओं से राजस्व वसूल रही हैं। सोमवार को भी मुहल्ला महावीरपुरा, सरदारपुरा और रावरपुुरा में अभियान चलाया गया है और बकायेदारी नहीं चुकाने पर 14 कनेक्शन भी काटे गए हैं, जबकि करीब डेढ़ लाख रुपये का राजस्व वसूला है।