जमीन से पांच फीट ऊपर से गुजरे तार में चिपका बुजुर्ग
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जमीन से पांच फीट ऊंचाई से निकले हाइटेंशन तार की चपेट में आकर मुहल्ला रामनगर निवासी एक बुजुर्ग बुरी तरह झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बिजली विभाग द्वारा हाइटेंशन लाइनों की मरम्मत न करने के कारण अधिकांश तार जमीन से बहुत पास झूल रहे हैं। ऐसे में वह दीवारों और पेड़ों से टकरा रहे हैं। इससे इनमें करंट दौड़ रहा है। इसी तरह मुहल्ला चौबयाना निवासी वृद्ध संतोष दास पुत्र महेश मालवीय बृहस्पतिवार को अपनी झोपड़ी के लिए रामनगर में बांस की शाखा काट रहा था। इसी दौरान पांच फीट की ऊंचाई से निकले हाइटेंशन तार की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि बिजली विभाग की लापरवाही से लगातार लोग हादसों को शिकार हो रहे हैं। गत 18 जून को इलाइट क्षेत्र में भी एक चाय वाले की रिलाइंस कंपनी के लिए बिछाई गई अंडरग्राउंड केबल में आ रहे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इसी प्रकार शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हाइटेंशन विद्युत करंट की चपेट में आने से दर्जनों लोगों की जानें जा चुकी हैं। इसके बाद भी बिजली विभाग द्वारा हाइटेंशन लाइनों, ट्रांसफार्मर व अन्य हाइटेंशन उपकरणों का समय से मेंटीनेंस नहीं किया जा रहा है। बारिश के दिनों में कई स्थानों पर करंट उतरने का खतरा बना हुआ है।
फोटो-02
कैप्सन-कूड़ा डंपिंग स्थल पर नीचे तक झूलते हाइटेंशन विद्युत तार।
- मुहल्ला रामनगर में बांस काटने गया था, लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया
- डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई, विद्युत विभाग की लापरवाही सामने आई