तालबेहट। दो मई को होने वाली त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के समय मतगणना में रहने वालों को कोविड जांच कराना अनिवार्य कर दिए जाने से शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए लोगों का हजूम उमड़ा। जांच के दौरान जहां भविष्य के भावी जनप्रतिनिधियों द्वारा सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई गईं, वही जांच के नाम पर कुछ लोगों ने अपनी जेबें भी गर्म कीं। 483 लोगों की जांच में 37 लोग संक्रमित पाए गए।
बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने दो मई को होने वाली मतगणना में प्रवेश करने वालों को कोविड निगेटिव रिपोर्ट लाना अनिवार्य कर दिया गया है। शुक्रवार को सीएचसी में जांच कराने के लिए सुबह से ही लोग जुटने लगे थे। दोपहर बाद तो सीएचसी के बाहर काफी लंबी लाइन लग गई। इस दौरान न तो सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखा गया और न ही स्वास्थ्य विभाग की गाइड लाइन का पालन किया गया। लोगों ने जांच के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाया।
कोविड जांच टीम के प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 423 की एंटीजन और 50 की आरटीपीसीआर जांच की गई। कुल 483 लोगों की जांच की गई थी, जिसमें 37 लोग कोविड संक्रमित निकले।
---
जांच में पैसे लेने की सूचना नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो वह गलत है। इसकी जांच कराते हैं। जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।
- डा. नितिन कंसौरिया, चिकित्सा अधीक्षक तालबेहट