ललितपुर। एक माह से कोरोना की गति धीमी बनी हुई है, लेकिन सर्दी बढ़ने से कोरोना संक्रमण बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बीते एक माह में 362 व्यक्ति कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें से एक की मौत हो चुकी है और 280 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। इसको लेकर लोग राहत महसूस कर रहे हैं।
नवंबर में सर्दी की शुरुआत होते ही कोरोना संक्रमण बढ़ने की संभावना जताई जा रही थी, इसको लेकर जिले में अलर्ट जारी किया गया था। कोरोना से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों, प्रतिष्ठानों, टैक्सी चालकों और अन्य लोगों की कोरोना जांच कराई गई। पहले एक हजार जांचे कराई जा रही थीं, जो बढ़ाकर डेढ़ हजार कर दी गई। सार्वजनिक स्थानों पर संक्रमण रोकने के लिए मास्क व सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। इसका नतीजा यह हुआ कि 16 नवंबर से 16 दिसंबर तक 362 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक की मौत हो चुकी है और 280 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। एक माह में 46,832 व्यक्तियों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए, जिसमें 362 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। आंकड़ों पर गौर करें तो सितंबर में सर्वाधिक 1,179 लोगों को कोरोना हुआ था।
यह रही कोरोना संक्रमण की स्थिति
माह - संक्रमित - मौत
मई - 03 - 01
जून - 05 - 03
जुलाई - 337 - 02
अगस्त - 988 - 16
सितंबर - 1179 - 19
अक्तूबर - 351 - 03
16 नवंबर से 16 दिसंबर - 362 - 02
---------
सर्दी के मौसम को लेकर कोरोना संक्रमण बढ़ने की संभावना जताई जा रही थी, जिसको लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट था। हालांकि, संक्रमण अपेक्षा से कम रहा है।
- डा. देशराज सिंह
एपीडेमियोलॉजिस्ट