संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तहसील मड़ावरा मुख्यालय पर 350 प्रशिक्षणार्थी तकनीकि शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। 12 करोड़ की लागत से आईटीआई भवन बनकर तैयार है। फरवरी के तीसरे सप्ताह तक इसे विभाग के सुपुर्द कर दिया जाएगा। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर इसी सत्र (अगस्त 2024) से शुरू किया जाएगा।
आईटीआई को इसी सत्र से शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए शासन से नामित कंपनी का चयन किया जा रहा है। आईटीआई में 350 प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकि शिक्षा दी जाएगी। 60 फीसदी सीटें प्राइवेट कंपनी की होंगी और 40 फीसदी सरकारी होंगी। प्राइवेट सीटों के लिए 17 से 22 हजार रुपये शुल्क प्रतिवर्ष अदा करना होगा। सरकारी सीट पर केवल 40 रुपये मासिक व 300 रुपये वार्षिक धरोहर राशि के रूप में विद्यार्थियों को जमा करना होगा। यहां 12 ट्रेड संचालित किए जाएंगे। पांच ट्रेड एक वर्ष व सात ट्रेड दो वर्ष के होंगे।
-
अब तक नहीं थी तकनीकि शिक्षा की सुविधा
तहसील क्षेत्र में अब तक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नहीं था। ऐसे में यहां के विद्यार्थियों को महरौनी या जिला मुख्यालय आना पड़ता था। वहीं, कुछ विद्यार्थी मध्यप्रदेश के जनपद टीकमगढ़ व सागर तक पढ़ाई के लिए जा रहे थे। ऐसे में निर्धन तबके के विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में दिक्कत होती थी, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर सुविधा हो जाने से बच्चों को बाहर नहीं जाना होगा।
-
मड़ावरा में पीपीपी मॉडल पर संचालित होने वाले आईटीआई के भवन का निर्माण पूर्ण हो गया है। अब इसकी सुपुर्दगी की तैयारी चल रही है। इसी वर्ष अगस्त 2024 सत्र से शुरू किया जाएगा।
- विवेक तिवारी, प्राचार्य, आईटीआई