संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका परिषद के दो सभासदों ने एक दूसरे पर गाली गलौज कर धमकी देने के आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। जिसके क्रम में कोतवाली पुलिस ने दोनों सभासदों के खिलाफ क्रॉस में एफआईआर दर्ज कर ली है।
मोहल्ला नझाई बाजार वाटर बॉक्स के पास के आलोक कुमार जैन मयूर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दो कार्यकाल से वार्ड 18 से सभासद है। मनमोहन चौबे निवासी गांधीनगर जोकि इस बार सभासद चुना गया है, वह छह माह से झूठे आरोप लगाकर वर्ग संघर्ष की स्थिति उत्पन्न कर रहा है। 29 जनवरी को नगर पालिका के वाट्सएप ग्रुप में उसके व परिवार के बारे में काल्पनिक आरोप लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ उसके परिवार पर व्यंगात्मक संबोधन किया। इस कारण उसके परिवार की छवि धूमिल हो रही है। पुलिस ने आरोपी सभासद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरे पक्ष के सभासद मनमोहन चौबे ने तहरीर दी। उसने नपा सभासद आलोक जैन मयूर पर मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने उक्त तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।