ललितपुर। शहर में गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत बढ़ गई है। कई मोहल्लों में टैंकर व हैंडपंप पर जद्दोजहद करने पर पानी मिल रहा है। ऐसी ही स्थिति मोहल्ला सुरईघाट की है, यहां पर लगभग 15 दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित चल रही है। आसपास एकमात्र हैंडपंप है। इस पर भी घंटों इंतजार के बाद पानी मिल पा रहा है।
नगर पालिका के वार्ड नंबर दो के सुरईघाट में निर्धनों को आसरा देने के लिए मान्यवर कांशीराम कॉलोनी है। कॉलोनी में 20 ब्लाकों में 320 परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए हैं। यहां की आबादी लगभग एक हजार है। इन परिवार को सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं, लेकिन अब सुविधाएं असुविधाओं में तब्दील हो गई हैं।
पानी की सुविधा के लिए जल निगम द्वारा पंप हाउस का निर्माण कर पाइप लाइन डाली है। पाइप लाइन डलने के बाद पेयजल आपूर्ति सुचारु रुप से बनी रही, लेकिन बीच-बीच में कई लोगों ने कनेक्शन ले लिए तो कई स्थानों पर पाइप लाइन लीकेज हो गई। इससे कॉलोनी तक पानी नहीं आ पा रहा है। बीते लगभग 15 दिन से अधिक समय से पेयजल आपूर्ति बाधित बनी हुई है।
पाइप लाइन के अलावा कॉलोनी में दो हैंडपंप भी लगाए गए हैं, इनमें एक खराब पड़ा है। केवल एक हैंडपंप से ही पानी मिल रहा है। ऐसे में सुबह-शाम के समय हैंडपंप पर खासी भीड़ पानी जुटाने के लिए लगी रहती है। घंटों इंतजार के बाद बारी आने पर पानी मिल रहा है। बच्चे भी पानी भरने के लिए मजबूर हो रहे हैं। यहां पर कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए सामाजिक दूरी के नियमों की अनदेखी हो रही है। मोहल्लेवासी कई बार अधिकारियों को लिखित शिकायती पत्र दे चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है।
----------
कॉलोनी में पानी की समस्या को लेकर अधिकारियों को लिखित शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पेयजल समस्या का निराकरण किया जाए।
- खुशाल बरार धानुक
---------
पानी की सुविधा के लिए डाली गई पाइप लाइन में लीकेज है। इससे पानी नहीं आ पा रहा है। लाइन शीघ्र दुरुस्त कराई जाए, जिससे पानी की सुविधा हो सके।
- धर्मेंद्र सेन
---------
कॉलोनी में लगे दो हैंडपंपों में से एक खराब है। इससे एक हैंडपंप ही मात्र सहारा बन रहा है। दूसरे हैंडपंप को ठीक कराया जाए।
- नारायण पंथ
------------
सुरईघाट कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन में लीकेज था, जिसे ठीक कराया जा रहा है। दो दिन में पेयजल आपूर्ति सुचारु रुप से हो सकेगी।
- प्रवीण कुट्टी, परियोजना प्रबंधक
जल निगम