ललितपुर। वैश्विक बीमारी कोरोना वायरस संक्रमण के लगातार नए मरीज सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को दो मासूम समेत 32 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। जबकि एक वृद्ध की मौत हो गई। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 667 हो गई है। इनमें 11 की मौत हो चुकी। जबकि 418 संक्रमित व्यक्ति ठीक हो चुके हैं।
जनपद में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन संक्रमितों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को 31 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें कलेक्ट्रेट निवासी महिला व एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। शहर के मोहल्ला आजाद चौक निवासी महिला, एक व्यक्ति व 17 वर्षीय किशोर संक्रमित मिला। मोहल्ला छत्रसालपुरा में 13 लोग पॉजिटिव मिले।
मोहल्ला पुरानी बजरिया में दो संक्रमित मिले। मोहल्ला घुसयाना बस स्टेंड में एक, मोहल्ला रावताया में दो संक्रमित है। वहीं, मोहल्ला चंडी मंदिर में दो, मोहल्ला आईटीआई कॉलोनी के पास दो संक्रमित मिले है। इसके अलावा ग्राम कल्यानपुरा निवासी तीन व्यक्ति संक्रमित है।
संक्रमण से एक वृद्ध की हुई मौत
शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी एक 70 वर्षीय वृद्ध को बीमारी के चलते जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के दौरान मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद जांच होने पर वह कोरोना संक्रमित पाए गए। अब जिले में कोरोना संक्रमितों से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 पहुंच गई है।
627 सैंपलों की नहीं आई रिपोर्ट
जिले में संक्रमण को नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन चार माह से अधिक समय बीतने के बाद भी सेंपलों की रिर्पोट आने की स्थिति में सुधार नहीं हो सका है। यहां पर पांच अगस्त से अब तक 627 सैंपलों की जांच रिपोर्ट नहीं आई है।
शुक्रवार को जिले में 32 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें एक की मृत्यु के बाद हुई कोरोना जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी