प्रमाण पत्र मिले लंबित, अभिलेखागार में रोशनी कम
निरीक्षण में मिलीं कमियां ठीक करने के एडीएमने दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र बहादुर सिंह ने तहसील तालबेहट का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र लंबित पाए गए। वहीं, अभिलेखागार में रोशनी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं पाई गई। उन्होंने एसडीएम को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व अभिलेखागार में ग्राम कलौथरा का बस्ता देखा, इसमें सभी अभिलेख क्रमवार रखे पाए गए। अभिलेखागार में सफाई संतोषजनक पाई गई। जिला अभिलेखागार में खतौनी के दाखिला के संबंध में अवगत कराया गया कि जिला अभिलेखागार में खतौनियां दाखिल की जा चुकी हैं। संग्रह अनुभाग में तैनात वासिल वाकी नवीस जय नारायण उपस्थित मिले। सहायक वासिल वाकी नवीस के संबंध में अवगत कराया गया कि वह ऑडिट की बैठक में झॉसी गए हैं। अनुभाग में संग्रह अमीनों एवं संग्रह अनुसेवकों के अभिलेख अद्यावधिक पाये गये। अनुभाग के मेमोरेण्डम (स्मृति पंजिका) का अवलोकन किया गया जिसमें अमीनवार वसूली का विवरण पाया गया। चालानों की प्रविष्टि पायी गयी, लेकिन मेमोरेण्डम में दिनांक का अंकन सभी चालान की प्रविष्टियों के साथ नहीं पाया गया। जिस पर उन्होंने उपस्थित वासिल वाकी नवीस को निर्देशित किया कि पंजिका में चालान के साथ तिथि का भी अंकन अनिवार्य रूप से किया जाना सुनिश्चित करें। नायब नाजिर एवं राजस्व लिपिक उपस्थित नहीं होने के कारण अभिलेखों का अवलोकन नही किया जा सका। यहां पर नजारत अनुभाग में अभिलेख व्यवस्थित ढंग से रखे नहीं पाए गए। रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय से लगे हुऐ कक्ष में कम्प्यूटर से नकल खतौनी का वितरण खिड़की के माध्यम से किया जा रहा था। नकल कम्प्यूटर से तैयार कर जारी की जा रही थी। फार्म 7 में नोटिस जारी करने के संबंध में अवगत कराया गया कि अभी नोटिस जारी नही किये गये है। आय, जाति एवं सामान्य निवास के संबंध में जानकारी करने पर अवगत कराया गया कि जाति प्रमाण पत्र के निरीक्षण तक विगत माह से प्राप्त कुल 5155 में से 4238 निस्तारित एवं 917 लंबित पाये गए एवं आय प्रमाण पत्र कुल 2541 में से 1473 निस्तारित एवं 702 लंबित तथा निवास प्रमाण पत्र कुल 1907 में से 1172 निस्तारित एवं 735 लंबित पाये गये, जिसमें एक माह से अधिक अवधि वाले क्रमश: जाति प्रमाण पत्र 29, आय प्रमाण पत्र 28 एवं निवास 11 पाये गये। इस संबंध में उप जिलाधिकारी तालबेहट को निर्देशित किया गया कि अवशेष प्रमाण पत्रों का तीन दिवस में निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के समय आजाद भगत सिंह उप जिलाधिकारी, तालबेहट आदि उपस्थित रहे।