शौचालय निर्माण में धन के दुरुपयोग पर रिकवरी के आदेश
- कार्य में शिथिलता पर ग्राम पंचायत अधिकारी के निलंबन के आदेश
- जिलाधिकारी ने किया सिलावन व छपरट गांव में निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बनाए गए व्यक्तिगत शौचालयों को देखने के लिए जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ग्राम जरया, सिलावन व छपरट गांव जा पहुंचे। यहां शौचालयों का उपयोग नहीं करने पर शासकीय धन का दुरुपयोग पाते हुए उनसे रिकवरी के आदेश दिए गए। उधर काम में लापरवाही बरतने पर डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी पवन रिछारिया को निलंबित करने के आदेश दिए है।
डीएम ने जरया गांव में परवीन बानो पत्नी नवाब शाह एवं अकरम शाह, बल्लू पुत्र सुक्कू, विष्णु प्रसाद पुत्र वली, मैचू पुत्र जूजू, बोरा पुत्र उदरा, लाड़ले पुत्र उदरा, श्यामाल पुत्र रबूदा के शौचालयों का निरीक्षण किया गया। इनमें नवाब शाह तथा अकरम शाह द्वारा एक ही टैंक बनाया गया था। विष्णु प्रसाद पुत्र वली के शौचालय में बच्चे की बॉकर, घरेलू सामान की बोरियां आदि रखी पाई गई। जिस पर लाभार्थी द्वारा शौचालय का उपयोग नहीं करने पर शासकीय धन का दुरुपयोग पाते हुए उनसे रिकवरी के आदेश दिए। वहीं, छपरट गांव में सुरेश पुत्र चिप्पा के शौचालय में लकड़ियां तथा बर्तन आदि रखे पाए गए। इसके अलावा कई शौचालय मानक के विपरीत मिले। इस संबंध में इनसे भी रिकवरी के आदेश दिए। गांव में किसी भी शौचालय में टंकी नहीं बनी पाई गई। वहीं, शासन के कामों में लापरवाही बरतने पर डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी पवन रिछारिया को निलंबित करने के निर्देश दिए है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण कुमार, जिला परियोजना समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्रामवासी उपस्थित रहे।