योग से भारत को मिली नई पहचान
- कंपनी बाग में चल रहे शिविर का समापन
- महिलाओं के लिए उपलब्ध कराई जाएगी जगह
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। युवा भारत के तत्वावधान में रविवार को कंपनी बाग में चल रहे सात दिवसीय महिला एवं बालिका योग शिविर का समापन हुआ। इस दौरान वक्ताआें ने कहा योग से देश को विश्व में नई पहचान मिली है। इस बीच नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू ने शहर के बीच में महिलाओं को योग करने के लिए जगह उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोबेजन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल, पालिका अध्यक्ष, विशेष अतिथि डॉ. रमेश किलेदार, विशिष्ट अतिथि डॉ. जनक किशोरी शर्मा, सेडो ग्रुप के अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, योगाचार्य राखी शुुुभ रत्नाकर, युवा भारत मंडल प्रभारी अनुराग चतुर्वेदी आदि ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि युवा भारत का यह प्रयास सराहनीय है। बालिकाएं, महिलाएं सात दिनों तक योग क्रियाएं सीखकर अपने आपको निरोगी बनाने की दिशा में अग्रसर हो रही हैं। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि हर बालिका एवं महिला को नियमित योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के आपाधापी जीवन में नियमित योग हमें निरोगी रख सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पालिका शहर के मध्य में महिलाओं के लिए योग के लिए स्थान मुहैया कराने के लिए प्रयास करेगी। विशेष अतिथि ने कहा कि योग स्वस्थ्य जीवन जीने का आधार है। नियमित योग साधक बनकर अपने जीवन को योगमय बनाना चाहिए। विशिष्ट अतिथि ने कहा कि योग ऋषि मुनियों की वाणी है और चित्त वृत्तियों के निरोग के लिए एवं दीर्घ आयुष्य के लिए हमें नियमित योग करना चाहिए। जिला संयोजक मुकेश साहू ने कहा कि पूरे शहर में, ग्रामों में युवा भारत के तत्वावधान में योग प्रचार प्रसार के लिए निशुल्क कक्षाएं एंव शिविर का संचालित होते रहेंगे। इस मौके पर बालकृष्ण नामदेव, मीडिया प्रभारी परशुराम साहू, प्रशांत शुक्ला, मनीष, अशोक सेन, उदयभान सिंह राजपूत, राजकुमार साहू, कुंवर विजय विक्रय सिंह बुंदेला, सुबोध शर्मा, अविनाश नरवरिया,इंदर पटेल, कमलेश साहू व राजाराम आदि उपस्थित रहे।