मृतक भी फैला सकते हैं चुनाव में अशांति
सदर चौकी क्षेत्र में मर चुके व्यक्ति के नाम नोटिस
चार महीने पहले की फांसी लगाकर की आत्महत्या
ललितपुर।
जिले की पुलिस को मृतकों से भी चुनाव में शांतिभंग की आशंका दिखाई दे रही है। ऐसा ही मामला शहर कोतवाली अंतर्गत सदर चौकी क्षेत्र के चौकाबाग मोहल्ले में पुलिस ने कर के दिखाया है। निकाय चुनाव में गुडवर्क दिखाने के चक्कर में पुलिस ने चार महीने पहले मर चुके व्यक्ति को नोटिस भेजा है। इसके अलावा चौकी में बैठकर बनाई गई रिपोर्ट में तमाम खामियां सामने आई हैं।
निकाय चुनाव में पुलिस विभाग अपराधियों को चिह्नित करने में लगा हुआ है। इसके लिए शासन और जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने निर्दोषों को न शामिल करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन गुडवर्क दिखाने के चक्कर में पुलिस आंख बंद कर आरोपियों को चिह्नित करने में लगी हुई है। ऐसा ही मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के सदर चौकी अंतर्गत चौकाबाग मोहल्ले में सामने आया है। जहां पुलिस ने 13 व्यक्तियों को शांतिभंग के आरोप में चिह्नित किया है। इसमें तमाम त्रुटियां सामने आई हैं। सबसे खास बात यह सामने आई है कि नोटिस पाने वाले एक व्यक्ति की चार महीने पहले ही मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार विगत 28 जुलाई को अज्ञात कारणों के चलते चौकाबाग निवासी रामनारायण उर्फ नारायण साहू पुत्र खुशीलाल साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने उसका शव फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसके चार महीने बाद कोतवाली पुलिस ने उसे शांतिभंग की आशंका के चलते आरोपी बनाया है। इसके अलावा दो आरोपियों के पिता का नाम ही गलत दर्ज किया गया है। इसमें आरोपी बनाए गए विपिन दुबे के पिता का नाम सत्यनारायण लिखा गया है जबकि उनके पिता का नाम प्रेमनारायण दुबे है। इसके अलावा कृष्ण कुमार नामदेव के पिता का नाम वसंत कुमार दर्ज किया गया है, जबकि उनके पिता का नाम सनत नामदेव है। कोतवाली की आख्या पर एसडीएम सदर न्यायालय ने सभी 13 आरोपियों के खिलाफ नोटिस जारी कर दिए और 50 हजार रुपये जमानत राशि जमा करने के निर्देश दिए।