ललितपुर। जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने व्यापारियों के साथ बैठक कर कोरोना वायरस से बचाव को लेकर 31 मार्च तक जरूरत की सामग्री को छोड़कर बाकी बाजार बंद करने के निर्देश दिए, ताकि भीड़- भाड़ कम रहे।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना से लड़ाई को लेकर हमें आगे भी सतर्क रहना है। दैनिक उपयोग की सामग्री की दुकानों जैसे अनाज, सब्जी, फल, दूध, दवा की दुकानें एवं पेट्रोल पंप खुले रहेंगे, इसके अलावा अन्य दुकानों को 31 मार्च तक बंद रखा जाए, जिससे बाजारों में कम से कम भीड़-भाड़ हो। व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी राष्ट्र की सेवा में तत्पर हैं। यदि समाज के हित में बाजार को बंद करने की आवश्यकता है तो व्यापारी इसमें पीछे नहीं हटेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कालाबाजारी की सूचना पर तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होेंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निरंतर सफाई व फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। बस मालिकों को निर्देश दिए कि जिले के अंदर ही बसें चलेंगी, जनपद के बाहर की बसों को 31 मार्च तक जिले में प्रवेश करने से रोका जाएगा। अनाज, सब्जी, फल, दूध, दवा, पेट्रोल पंप खुले रहेंगे, अन्य दुकानें 31 मार्च तक बंद रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने कहा कि आवश्यक सेवा वाले व्यापार को बंद करने की जरूरत नहीं हैं। यदि कोई ऐसा व्यक्ति आपके संपर्क में हो, जिसमें कोरोना वायरस के लक्षण दिखाई दे रहे हों तो उसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रुम को दें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक एके विजेता आदि उपस्थित रहे।