विकास भवन में किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण तलब किया
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुख्य विकास अधिकारी केके पांडेय ने विकास भवन स्थित सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इसमें 31 अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीडीआे ने सभी का एक दिन का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन स्थित कार्यालय का निरीक्षण किया। वह सुबह 10:15 से 10:30 तक कार्यालय में रहे। जिसमें उन्हें करीब 23 अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें जिला विकास अधिकारी कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी संजय तिवारी, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण में तैनात विजय श्रीवास्तव, संदीप तिवारी, अनिल कुमार श्रीवास्तव, मनरेगा में तबरेज खान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यालय में राहुल श्रीवास्तव, रामगोपाल गायब मिले।
इनके अलावा जिला कृषि कार्यालय में अशोक कुमार, रामनारायन चौरसिया, मदन राठौर, अंकित पालीवाल, ऊषा गोस्वामी, जिला समाज कल्याण विभाग में सुरभि भार्गव, सहायक लेखाकार, बलवान सिंह, प्रशांत गुप्ता, अजय कुमार भी मौके पर नहीं मिले।
वहीं, जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में धीरेश आनंद, जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय में मेहराज अहमद, शैलेंद्र सिंह, लघु सिंचाई विभाग में बृजेश कुमार सिंह, शुभ्रा मालवीय, अटल भूजल में राकेश कुमार पांडेय, प्रवीन यादव भी अनुपस्थित पाए गए। सीडीआे ने इस सभी को नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी किया।
आठ अनुपस्थित अधिकारियों का भी रोका वेतन, स्पष्टीकरण तलब
मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, परियोजना निदेशक नेडा, जिला पर्यटन अधिकारी, सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई निष्ठा गौतम, सहायक अभियंता लघु सिंचाई विभाग शाश्वत राज, पवन कुमार का स्पष्टीकरण तलब करते हुए नोटिस जारी किया है। इससे पहले भी विगत 12 जुलाई को मुख्य विकास अधिकारी के निरीक्षण में यह लोग अनुपस्थित पाए गए थे। जिसके लिए इन अधिकारियों को पत्र भी जारी किया गया है। संवाद