ललितपुर (ब्यूरो)। बीटीसी प्रशिक्षुओं की जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में चल रही काउंसिलिंग में 31 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे। इस तरह 299 अभ्यर्थी शामिल हुए।
उत्तीर्ण बीटीसी प्रशिक्षु शिक्षकों की पदस्थापना की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके तहत मंगलवार को डायट में पुरुष अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हुई। इसमें 330 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिसके सापेक्ष 299 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। अब बुधवार को 281 महिला अभ्यर्थियों के रिक्त विद्यालयों के लिए विकल्प लिए जाएंगे। देर शाम तक रिक्त विद्यालयों की सूची फाइनल नहीं हो सकी थी। बीएसए एसपी यादव का कहना है कि 281 महिलाएं व करीब एक दर्जन विकलांग अभ्यर्थियों को विकल्प भरने के लिए बुलाया गया है।
एनआईसी पर अपलोड नहीं हो सकी सूची
रिक्त पदों वाले विद्यालयों की सूची कार्यालय के नोटिस बोर्ड व एनआईसी की वेबसाइट पर अपलोड किए जाने का नियम है। लेकिन, विभागीय अफसर रिक्त विद्यालयों की सूची को अंतिम रूप देने में कुछ ज्यादा ही माथापच्ची कर रहे हैं, ऐसे में सूची फाइनल नहीं हो पा रही है। इससे प्रशिक्षुओं में असंतोष पनप रहा है।