संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कचनाैंदा बांध डूब क्षेत्र में अधिग्रहीत हुई जमीन के मुआवजा की धनराशि को बैंक से धोखाधड़ी पूर्वक निकलवाकर हड़प जाने का आरोप तीन भाइयों ने लगाया है और पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम कल्यानपुरा मजरा रामनगर निवासी संतोष, हरिकिशन, किशोरी लाल कुशवाहा ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को अलग-अलग प्रार्थना पत्र दिए। संतोष ने बताया कि कचनौंदा बांध निर्मित होने पर उसकी भूमि डूब क्षेत्र में आने पर अधिग्रहीत की गई थी। मुआवजा के तौर पर 16.38 लाख रुपये मिला था। गांव के एक व्यक्ति ने उसके बैंक खाते से 8.52 लाख रुपये धोखाधड़ी से ट्रांसफर करवा लिए। किशोरी लाल कुशवाहा ने भी आरोपी व्यक्ति के पुत्र पर 8.52 लाख रुपये ट्रांसफर करवाने का आरोप लगाया। मलखान ने गांव के एक अन्य व्यक्ति पर 8.52 लाख रुपये धोखाधड़ी से ट्रांसफर करवाने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी उन्हें तब हुई, जब वे बैंक में अपने अपने खातों से रुपये निकालने पहुंचे।