ललितपुर। जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने निर्देश दिए कि विशेष सर्विलेंस अभियान में प्रत्येक आशा एवं एएनएम प्रतिदिन 25 घरों का सर्वे करेंगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 विशेष सर्विलेंस अभियान के संबंध में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वे के दौरान यदि किसी घर के सदस्यों में खांसी, बुखार, जुकाम व सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखते हैं तो टीम उसकी सूचना कंट्रोल रुप में देगी। सर्विलांस टीम की सूचना पर संबंधित व्यक्ति की एंटीजन के माध्यम से जांच की जाएगी। इस अभियान में 980 टीमें गठित की गईं हैं। प्रतिदिन 24,500 घरों का सर्वे होगा।
उन्होंने कहा कि जिला क्षय रोग अधिकारी कोविड और नॉनकोविड अस्पतालों की व्यवस्था, चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की ड्यूटी की मॉनिटरिंग करेंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हुसैन खान सर्विलेंस टीम की कार्ययोजना एवं कंटेनमेंट जोन में सर्विलेंस का कार्य करेंगे। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीसी दोहरे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में सैंपलिंग के समस्त कार्यों की समीक्षा करेंगे। वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. अमित चतुर्वेदी जिला चिकित्सालय में ट्रू- नेट, एंटीजन टेस्ट की व्यवस्था, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों मेें कांटेक्ट ट्रेसिंग का कार्य करेंगे।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अजय भाले एंबुलेंस की उपलब्धता एवं रिस्पांस टाइम तथा कोविड अस्पतालों में भर्ती कराने की प्रक्रिया तथा मरीजों से दूरभाष पर लगातार संपर्क करेंगे। डॉ. विशाल पाठक, डॉ. प्रदीप यादव, डॉ. चतुर्भुज राजपूत, डॉ. राजेश वर्मा, डॉ. अजय खरे तथा डॉ. अशोक कुमार ग्रामीण क्षेत्रों में आरटीपीसीआर, एंटीजन की सैंपलिंग की तैयारियां एवं सैंपलिंग की रिपोर्ट चार बजे तक भेंजेंगे।
एपिडेमोलोजिस्ट डॉ. देशराज सिंह सैंपल को पोर्टल पर पंजीकृत करते हुए जांच हेतु प्रेषित करेंगे तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती जनपद में सैनिटाइजेशन की व्यवस्था एवं क्वारंटीन में निवास कर रहे व्यक्तियों की खाना एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करेंगे। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके सोनी सभी से सूचनाएं/रिपोर्टिंग कंपलाइल कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजेंगे। इस कार्य में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि कोविड अस्पतालों में इस बात का ध्यान रखा जाए कि मरीजों को समय पर शुद्ध भोजन एवं पानी उपलब्ध कराया जाए। चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ का व्यवहार मरीजों के प्रति अच्छा होना चाहिए। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक लवकुश त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी, डॉ. जेएस बक्शी, डॉ. अमित चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे।